अयोध्या पुलिस को मिली बड़ी सफलता: श्रद्धालुओं से चेन छीनने वाले गिरोह के 16 सदस्यों को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या पुलिस ने श्री राम जन्मभूमि सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं से चेन छीनने की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने धार्मिक नगरी अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेन छीनने और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। 

गिरफ्तार आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से सोने की 11 चेन और अन्य सामान बरामद किया जिनकी कीमत करीब 21 लाख रुपये है। इसके अलावा उनके पास से दो एसयूवी कार बरामद की गईं हैं। पुलिस के मुताबिक, राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद अयोध्या में चेन छीनने और चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं।

 पुलिस ने बताया कि 10 फरवरी को श्रीराम जन्मभूमि थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में कर्नाटक और तमिलनाडु से आए श्रद्धालुओं की चेन छीनने की घटनाएं हुई थी, जिसके बाद पीड़ितों ने थाने में मामले दर्ज कराए थे। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। 

राम जन्मभूमि सुरक्षा प्रभारी और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने बताया, " अयोध्या पुलिस ने शुक्रवार को कोतवाली फैजाबाद के पुलिस लाइन ओवर ब्रिज के पास से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।'' 

उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र, हनुमानगढ़ी मंदिर और नागेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों से चेन छीनने और लूट की घटना में ये आरोपी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि ये बदमाश गिरोह बनाकर धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे । पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी पहले भी मथुरा, वाराणसी और अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। 

यह भी पढ़ें:-राम मंदिर में चढ़ावे को गिनने के लिए SBI को लगानी पड़ी मशीन, दो पालियों में हो रही गिनती, अब तक 60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

संबंधित समाचार