Kanpur: ‘इंडिया गेट’ और गंगा का किनारा; सैर-सपाटे का बनेगा ठिकाना, लैंड स्केपिंग व फव्वारे बिखेरेंगे आकर्षक छटा...
कानपुर, अमृत विचार। बंद पड़े पुराने शुक्लागंज गंगा पुल के प्रवेश द्वार को दिल्ली के इंडिया गेट जैसा लुक दिया जाएगा। गेट के पास लैंड स्केपिंग करके छोटे फव्वारे लगाए जाएंगे, जो मनमोहक सेल्फी प्वाइंट का आकर्षण बिखेरेंगे। इस स्था को सैर-सपाटे का नया केंद्र बनाने के लिए पुल मार्ग पर 30 फूड कोर्ट लगाए जाएंगे। नगर निगम अधिकारियों ने फूड कोर्ट के लिए गुमटियां रखने की शुरुआत कर दी है।

नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने कसंलटेंट कंपनी के अधिकारियों के साथ गुरुवार को पुराने गंगा पुल मार्ग और प्रवेश द्वार का सौन्दर्यीकरण करने के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियंता मनीष कुमार अवस्थी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह व थीम कंसलटेंट के पदाधिकारियों के साथ पुल के पास समस्याओं का जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने कंसलटेंट कंपनी के पदाधिकारियों से कहा कि गंगा पुल के पुराने गेट के आसपास की जगह पर लैंड-स्केपिंग, गेट का सौन्दर्यीकरण व वॉटर बाडी का निर्माण करने के लिए आगणन जल्द प्रस्तुत किया जाए। नगर आयुक्त ने कंसलटेंट को यह भी निर्देश दिये गये कि पुराने गंगा पुल के मुख्य प्रवेश द्वार का सौन्दर्यीकरण इंडिया गेट की तर्ज पर किया जाए।

मुख्य अभियन्ता को निर्देश दिए कि साइड पटरी के नीचे दबी इंटरलॉकिंग को ऊंचा करके ऊपर की मिट्टी को हटाया जाए। जोनल अधिकारी एवं जोनल स्वच्छता अधिकारी को निर्देश दिए गए कि दो दिन के अन्दर पुराने गंगा पुल मार्ग से अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया जाए।
चुंगी से आगे नहीं जाएंगे वाहन, लगेगी बैरीकेडिंग, बनेगी पार्किंग
निरीक्षण के दौरान गंगा पुल पर सफाई व्यवस्था अच्छी मिलने पर नगर आयुक्त ने खुशी जताई और कहा कि गंगा घाट चौकी के आगे बैरीकेडिंग की जाए। इसके आगे वाहनों को नहीं जाने दिया जाए। इसी स्थल पर चुंगी के पास वाहन पार्किंग के लिए स्थल तैयार किया जाए।
