बहराइच: लेजर रिसॉर्ट की छत गिरने से दो श्रमिकों की मौत, 10 मजदूर हुए घायल, कोहराम, तीन पर केस दर्ज
जेसीबी से मलबा हटाने पर दबा मिला शव, देर रात तक चलता रहा राहत और बचाव कार्य
बहराइच, अमृत विचार। बहराइच-सीतापुर मार्ग पर स्थित लेजर रिसॉर्ट में शुक्रवार को निर्माण के दौरान बल्ली गिरने से छत भी गिर गई। जिसके नीचे 10 से अधिक श्रमिक दब गए। किसी तरह श्रमिक बाहर निकाले गए हैं। जबकि दो श्रमिकों की मौत मौत हो गई। देर रात तक जेसीबी से मलबा हटाने का काम चला।
कोतवाली देहात के गजपतिपुर गांव में बहराइच सीतापुर मार्ग पर लेजर रिसॉर्ट स्थित है। यह होटल जिले के डॉक्टर अनिल केडिया का है। लेकिन संचालन किसी और के द्वारा किया जा रहा है। होटल में इस समय एक हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार रात को छत पड़ रही थी। जिसमें लखनऊ के भी लोग लगे हुए थे। लखनऊ से छत ढलाई के लिए मशीन लेकर आए संजय गुप्ता ने बताया कि छत ढलान के दौरान एक बल्ली गिरी। इसके बाद छत गिर गई। जिसके नीचे कोतवाली देहात के चेतरा सबलापुर निवासी राहुल वर्मा पुत्र मोहन लाल वर्मा, श्रावस्ती जिले के उत्तमापुर निवासी राहुल चौहान पुत्र मेवालाल समेत आठ लोग दब गए।
किसी तरह छह श्रमिक बाहर निकाले गए। सभी को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। जबकि मलबे में रिसिया थाना क्षेत्र साहबपुरवा गांव निवासी श्रमिक सलीम अहमद (29) पुत्र मुख्तार अली, सहनवाजपुर गांव निवासी जोगेंद्र पाल (24) पुत्र प्यारेलाल दब गए। जिनको बाहर निकालने के लिए जेसीबी से मलबा हटाया गया। देर रात तक मलबा हटाने का काम चला। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक बीके मिश्रा ने बताया कि दो श्रमिकों की मौत हो गई है। जबकि 10 श्रमिक घायल हुए हैं। उनके इलाज डॉक्टर अनिल केडिया के यहां चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा, एसडीएम महसी, सीओ सिटी राजीव सिसोदिया, कोतवाली देहात और फखरपुर थाने की पुलिस पहुंच गई है।
होटल संचालक समेत तीन पर केस
कोतवाली देहात क्षेत्र में होटल का छत गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने होटल संचालक समेत तीन के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली देहात के ग्राम पंचायत गजपतिपुर में बहराइच सीतापुर मार्ग पर होटल का संचालन होता है। डॉक्टर अनिल केडिया के होटल का संचालन आशीष केडिया द्वारा किया जाता है। लेजर रिसॉर्ट होटल में शुक्रवार रात को छत गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक बीके मिश्रा ने बताया कि मृतक श्रमिक के पिता की तहरीर पर संचालक आशीष केडिया और दो ठेकेदार के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।

यह भी पढे़ं: वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवनीत सहगल बने प्रसार भारती का चेयरमैन, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जारी किया पत्र
