Moradabad: सुबह घना कोहरा, दिन में धूप और शाम को ठिठुरन
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को दिन भर मौसम का अलग-अलग मिजाज दिखाई दिया। सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हुई। कोहरे के कारण सुबह के समय लोग घरों में ही दुबके रहे। काम पर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह करीब 9:30 बजे तक कोहरा छाया रहा। इसके बाद जैसे ही सूर्यदेव ने दर्शन दिए, कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगा। धूप निकलने के साथ ही वातावरण में हल्की गर्माहट महसूस हुई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। दोपहर में मौसम सुहावना रहा। पार्कों और छतों पर लोग धूप सेंकते नजर आए। बुजुर्गों ने धूप का आनंद लिया, वहीं बच्चों ने खुले मैदानों में खेलकूद किया।
बाजारों में भी रौनक बढ़ी और लोग खरीदारी के लिए निकले। ठंड से परेशान लोगों ने धूप को सर्दी से राहत का सबसे बड़ा सहारा बताया। हालांकि, यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। जैसे ही शाम ढलनी शुरू हुई, तापमान में गिरावट आने लगी और ठिठुरन फिर से महसूस होने लगी। सूर्यास्त के बाद ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर बढ़ा दिया। लोग फिर से गर्म कपड़ों में नजर आए और घरों में ही रहना पसंद किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड और बढ़ सकती है। कोहरे की संभावना बनी रहेगी, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
