BJP की तैयारी पूरी...पंचायत और विधानसभा चुनाव में विरोधियों को धूल चटाने का संदेश साझा, नेताओं ने साधा संगठन का सुर
प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन समारोह में पंचायत और 2027 की तैयारी को बताया प्राथमिक एजेंडा
लखनऊ, अमृत विचार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी मंच से संगठन को दिशा देने वाला संदेश दिया। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है और आने वाले पंचायत चुनाव व 2027 के विधानसभा चुनाव की नींव बूथ स्तर पर ही पड़ेगी। आह्वान किया कि चुनावों में विरोधियों को हर मोर्चे पर धूल चटानी होगी।
केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व विश्व में अपनी तरह का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी में सर्वसम्मति से नेतृत्व का चयन कार्यकर्ताओं की परिपक्वता और अनुशासन को दर्शाता है। उन्होंने संगठनात्मक एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनना संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक संतुलन दोनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में पार्टी की रीढ़ बनकर खड़ा रहता है। मौर्य ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव और 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के लिए बड़ी परीक्षा हैं, लेकिन अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता की राजनीति करने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि सेवा और समर्पण की विचारधारा पर चलती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में हुए बड़े बदलाव सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल का परिणाम हैं। नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को संवाद व सम्मान का वातावरण प्राप्त होगा।
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में संगठन के सामूहिक प्रयासों को याद किया और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में पार्टी ने जो चुनावी सफलताएं हासिल की हैं, उनका श्रेय बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठन पर्व को भाजपा की लोकतांत्रिक कार्यसंस्कृति का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। विचारधारा से जुड़ा कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय, अनुशासित और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा।
