डॉलर के मुकाबले रुपया सबसे ज्यादा कमजोर, अखिलेश ने भाजपा को ठहराया जिम्मेदार, कहा- नाकाम सरकार है वजह
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि अब तक के इतिहास में डॉलर के मुकाबले रुपये का सबसे ज्यादा कमजोर होना ये दिखाता है कि अर्थव्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे सारे आंकड़े और दावे पूरी तरह से झूठे और मनगढ़ंत हैं। भाजपाई भी नकार नहीं सकते हैं कि ये कमजोर और नाकाम सरकार की वजह से हो रहा है। रुपया गिरने और सरकार के बीच के अनूठे आर्थिक सिद्धांत का अनोखा फार्मूला भाजपा की ही देन है।
सपा प्रमुख ने रविवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। रुपया डॉलर के मुकाबले लगतार गिरता जा रहा है। रुपये की गिरावट ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से अर्थव्यवस्था तबाह हो रही है। किसान, नौजवान, व्यापारी हर वर्ग परेशान है। भाजपा के झूठे वादों की पोल खुल चुकी है। भाजपा जाए, तो रुपया मजबूत हो जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। हर तरह का अवैध और नकली चीजों का कारोबार हो रहा है। इस सरकार ने लोगों का जीवन संकट में डाला है। भाजपा माफियाओं के अवैध कारोबारों को संरक्षण दे रही है।
