हल्द्वानी: उत्तराखंड में अब की बार महिलाएं बनाएंगी सरकार

हल्द्वानी: उत्तराखंड में अब की बार महिलाएं बनाएंगी सरकार

हल्द्वानी, अमृत विचार। बेशक देवभूमि उत्तराखंड की पांच संसदीय सीटों पर सिर्फ एक महिला प्रत्याशी ही मैदान में है लेकिन इस आम चुनाव में सभी राजनैतिक सूरमाओं की दिल्ली की राह आधी आबादी ही तय करेगी।  

उत्तराखंड की पांच संसदीय सीटों पर 55 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें टिहरी सीट पर 11 प्रत्याशी आमने सामने हैं। इसी सीट से ही भाजपा की उम्मीदवार एवं एकमात्र महिला प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह चुनाव लड़ रही हैं। वहीं पौड़ी गढ़वाल में 13, अल्मोड़ा में 7, नैनीताल में 10 और हरिद्वार में 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

सत्ता के इस सर्वोच्च संग्राम में आधी आबादी के पास किसी भी दिग्गज की हार को जीत और जीत को हार में बदलने की पूरी ताकत है। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 83,37, 914 मतदाता हैं। इनमें 43,17,579 पुरुष और 40,20,038 महिला मतदाता शामिल हैं जबकि थर्ड जेंडर के मतदाताओं की 297 हैं। जो कि कुल मतदाता का 48.21 प्रतिशत होता है। एक ऐसा राज्य जहां औसतन 60-70 प्रतिशत मतदान होता है, वहां 48.21 प्रतिशत मतदाता किसी भी बड़ी उलट फेर का माद्दा रहता है। 

अगर राजनैतक विश्लेषकों की मानें तो उत्तराखंड की सभी संसदीय सीटों पर शहरी क्षेत्रों को छोड़ दें तो गांवों के बूथों पर महिला मतदाता ही निर्णायक होती हैं। दरअसल, पहाड़ में पलायन एक ज्वलंत समस्या है, हर चुनाव में यह राजनैतिक दलों का मुद्दा भी बनता है। होता यह है कि रोजगार की आस में पुरुष तो रोजगार की तलाश में शहरों का रुख करते हैं जबकि महिलाएं ही गांवों में रहती हैं।

गांवों को बसाने और बचाए रखने में आधी आबादी का बड़ा योगदान होता है। इस वजह से त्रिस्तरीय, विधानसभा से लोकसभा चुनाव चुनाव में महिलाओं का मतदान प्रतिशत ज्यादा रहता है। इस वजह से महिलाएं किसी भी राजनैतिक दल और माननीय की गणित बना और बिगाड़ सकती हैं। यही वजह है कि इस बार भाजपा, कांग्रेस समेत सभी राजनैतिक दल महिलाओं को रिझाने में जुटे हुए हैं। 

जिले वार महिला मतदाताओं की संख्या 
उत्तरकाशी  - 118184
चमोली     - 146910
रुद्रप्रयाग   - 98349
टिहरी      - 251338
देहरादून  - 745352
हरिद्वार -  692605
पौड़ी   - 279966
पिथौरागढ़ – 186825
बागेश्वर – 107043
अल्मोड़ा -  261542
चम्पावत  - 98687
नैनीताल -  383558
ऊधम सिंह नगर – 641647 

 

संसदीय सीट            वर्ष 2024              वर्ष 2019
टिहरी गढ़वाल            760094                705533
गढ़वाल                   668942                646688
अल्मोड़ा                   654097               642100
नैनीताल                    966135              862031
हरिद्वार                    962738                854868
(नोट :- यह राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से वर्ष 2019 और 2024 के महिलाओं के मतदाताओं की संख्या का तुलनात्मक विवरण है। )