बरेली: नवाबगंज चेयरमैन के पति डा. ताहिर को पुलिस ने हिरासत में लिया
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर को पुलिस ने मारपीट के एक मामले में हिरासत में ले लिया है। डा. ताहिर के भतीजे ने उन पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना इज्जतनगर पुलिस को सूचित किया था। हालांकि उनके भतीजे ने अब तक पुलिस को तहरीर नहीं दी …
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर को पुलिस ने मारपीट के एक मामले में हिरासत में ले लिया है। डा. ताहिर के भतीजे ने उन पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना इज्जतनगर पुलिस को सूचित किया था। हालांकि उनके भतीजे ने अब तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है, जिस कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
डा. ताहिर और उनके भतीजे के बीच रविवार को रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि डा. ताहिर का कहना है कि उनके तीन करोड़ रुपये भतीजे पर बकाया हैं। वह रुपये मांगने के लिए गए थे। इसी बात को लेकर भतीजे से विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि महानगर निवासी सुहेल डॉ. ताहिर के भतीजे हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके चाचा ने घर पर हमला बोल दिया है और वह मारपीट कर रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डा. ताहिर को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौते का प्रयास जारी रहा। वहीं उन्हें पुलिस से छुड़ाने के लिए सिफारिशी लोगों के फोन पुलिस कर्मियों को परेशान कर रहे हैं। बता दें कि डा. ताहिर अभी कुछ माह पहले गुलनाज नाम की एक महिला से निकाह करने के बाद चर्चा में आ गए थे। नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर अपने पति की तीसरी शादी से बेहद आहत हैं। उन्होंने अपनी सौतन के खिलाफ थाना बारादरी में जानलेवा हमले और लूट की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। साथ ही अदालत में प्रार्थना पत्र देकर तलाक भी मांगा है।
“डा. ताहिर के भतीजे साहिल उर्फ गुड्डा ने उनकी शिकायत की थी। मौके पर पहुंची पुलिस को डा. ताहिर गुड्डा के घर पर मिल गए थे। पुलिस उन्हें पकड़कर ले आई है। उनके खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई की जाएगी।” -सुदीश सिंह सिरोही, एसएसआई इज्जतनगर
“अभी तक डॉ. ताहिर के खिलाफ साहिल की ओर पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
