Kanpur: विपक्षी दल लामबंद, मजबूत करेंगे चुनावी रण; कांग्रेस, सपा, आप और वामदलों के सदस्य बैठक में होंगे शामिल

Kanpur: विपक्षी दल लामबंद, मजबूत करेंगे चुनावी रण; कांग्रेस, सपा, आप और वामदलों के सदस्य बैठक में होंगे शामिल

विशेष संवाददाता, अमृत विचार। इंडिया गठबंधन से कानपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी आलोक मिश्रा के लिए धीरे-धीरे विपक्ष की एकजुटता प्रदर्शित होने लगी है। चुनावी तैयारियों और गठबंधन के घटक दलों की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को सिविल लाइंस में माकपा पोलिट ब्यूरो की सदस्य पूर्व सांसद सुभाषिनी अली के निवास पर अपरान्ह तीन बजे बुलायी गयी है। कोर कमेटी के कोऑर्डिनेटर पूर्व विधायक नेकचंद पांडेय हैं। इस बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।  

कोऑर्डिनेटर नेकचंद पांडे ने बताया कि कोर कमेटी की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, पूर्व सांसद सुभाषिनी अली सहगल, सपा महासचिव सुरेंद्र मोहन अग्रवाल, जिलाध्यक्ष फजल महमूद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी, आप जिला अध्यक्ष अनुज शुक्ला, माकपा जिलासचिव अशोक तिवारी, जिला सचिव भाकपा रामप्रसाद कनौजिया, एनसीपी जिलाध्यक्ष बनवारीलाल बघेल, प्रदेश सचिव भाकपा अरविंद राजस्वरूप, प्रवक्ता आप मदनलाल भाटिया, सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी, मोहम्मद हसन रूमी, सीसामऊ विधायक के प्रतिनिधि सरताज आलम, पूर्वमंत्री शिवकुमार बेरिया, पूर्व विधायक भूधरनारायन मिश्रा, कुलदीप सिंह, हाफिज मोहम्मद उमर, गणेश दीक्षित, संजीव दरियाबादी, सोहिल अख्तर अंसारी, जगराम सिंह यादव सतीश निगम शामिल होंगे। 

यह सभी नेता 22 सदस्यीय कोर कमेटी के सदस्य हैं। कानपुर लोकसभा सीट पर जीत विपक्ष के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। वोटरों को बूथ तक लाना प्राथमिकता है। सारे समीकरण पक्ष में हैं। सपा जिलाध्यक्ष फजल महमूद का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पीडीए ही जीत का फार्मूला है, जिस पर पार्टी शिद्दत से काम कर रही है। सांगठनिक मजबूती का सारा काम पूरा किया जा चुका है। मंडल, बूथ और सेक्टर आधार पर संगठन का ढांचा तैयार है। भाकपा के अरविंद राजस्वरूप का कहना है कि वामदलों के वोटर को एकजुट कर मतदान स्थल पर लाने का काम पार्टी काडर करेगा।

केंद्रीय चुनाव कार्यालय के लिए स्थान की तलाश  

विपक्षी गठबंधन केंद्रीय चुनाव कार्यालय खोलने की भी तैयारी कर रहा है। भाजपा का केंद्रीय चुनाव कार्यालय खुल चुका है। सपा मेयर प्रत्याशी वंदना वाजपेयी का केंद्रीय चुनाव कार्यालय जीटी रोड पर खोला गया था, यहीं आलोक मिश्रा का केंद्रीय चुनाव कार्यालय खोलने का प्रस्ताव आया था। लेकिन इसे अपशकुन मानकर खारिज कर दिया गया है। अब नए स्थान की तलाश जारी है।

सपा ने 70 जन सभाओं की तैयारी की

सपा कार्यालय में फजल महमूद की अध्यक्षता में हुई बैठक में त हुआ कि पीडीए अभियान के तहत पहले दो हजार परिवारों से संपर्क किया जाएगा। महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे लोगों को बताए जाएंगे। 70 जनसभाएं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में की जाएंगी। बैठक का संचालन शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। प्रदेश सचिव के के शुक्ला, महासचिव-संजय सिंह बंटी सेंगर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू, राष्ट्रीय सचिव अपर्णा बंसल जैन, राष्ट्रीय प्रवक्ता डा.नीतेंद्र यादव, परमवीर सिंह गंभीर, मुमताज मंसूरी,गोपाल गुप्ता, निखिल यादव मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Karauli Sarkar: करौली शंकर महादेव धाम में पूर्वजों की मुक्ति के लिए किया हवन...भगवान शिव का अभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना