खटीमा: चुनाव प्रचार को लेकर भाजपा कांग्रेस आमने-सामने, वाल्मिकी बस्ती में बैरिकेड लगाकर कांग्रेसियों को रोकने पर हुआ बवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। नगर के मध्य स्थित वाल्मिकी बस्ती में प्रचार करने पहुंचे कांग्रेसियों को बैरिकेड  लगाकर रोकने का प्रयास किया। जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तू-तू, मैं-मैं होने लगी। घटना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रचार के लिए रास्ता खुलवाया।
 
कांग्रेस नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर सहित दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ता मंगलवार देर सायं बाल्मिकी बस्ती में चुनाव प्रचार करने पहुंचे तो रास्ते में बैरिकेड लगाकर भाजपा समर्थकों ने उन्हें बस्ती में जाने से रोक दिया गया। जिसको लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोंक- झोंक शुरू हो गई। वहीं विवाद का पता चलते ही कार्यकेर्ताओं की संख्या भी बढ़ने लगी।
 
जानकारी मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी संदीप पिलखवाल पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बैरिकेड हटवाने का प्रयास किया लेकिन भाजपा कार्यकर्ता विरोध करते रहे जबकि कांग्रेसी बस्ती में जाने की जिद में अड़े रहे।
 
बाद में चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर कांग्रेसियों को बस्ती में प्रचार करने को कहा। जिसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बस्ती में प्रचार किया और चले गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर नारेबाजी चलती रही।
 
इस संबंध में पूछने पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष भटनागर ने कहा कि बाल्मिकी बस्ती में उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था जिसके लिए वह जा रहे थे विपक्षी लोगों ने रास्ता बंद कर रखा था और जाने से मना कर रहे थे। बाद में पुलिस के आने के बाद उन्होंने प्रचार किया। वहीं भाजपा नेता संतोष गौरव ने बताया कि कांग्रेसी जब प्रचार करने आए तो बस्ती के लोग यह कहते हुए उन्हें रोक दिया कि कांग्रेस ने किया ही क्या है और वोट दिन में मांगो.. जिसको लेकर विवाद हुआ अलबत्ता बाद में मामला शांत हो गया। एसएसआई अशोक कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया गया था।

संबंधित समाचार