रामपुर: फतेहगंज में हुए सड़क हादसे में मिलक के ट्रैक्टर चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

रामपुर: फतेहगंज में हुए सड़क हादसे में मिलक के ट्रैक्टर चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मृतक नन्हें सिंह यादव की मौत के बाद रोते बिलखते-परिजन

मिलक, अमृत विचार। बरेली के फतेहगंज में हुए सड़क हादसे में मिलक निवासी ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। चालक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। 

क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी व हाल निवासी मोहल्ला शाहूजी नगर के 35 वर्षीय नन्हें सिंह यादव ट्रैक्टर चालक था। सोमवार की सुबह छह बजे नन्हें सिंह यादव मंडी के एक आढ़ती का गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर बरेली के लिए निकला था। सुबह साढ़े बजे वह बेगुल नदी के पास पहुंचा तो ट्रैक्टर के पिछले पहिये का एक्सल टूट गया। एक्सल टूटते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंती में पलट गया। ट्रॉली पलटने के दौरान नन्हे सिंह गेहूं की बोरियों के नीचे दब गया। 

राहगीरों की सूचना पर घटना स्थल पहुंची फतेहगंज पुलिस ने बोरियों के नीचे दबे नन्हें सिंह को बाहर निकाला। पुलिस द्वारा नन्हें सिंह को बोरियों के बीच से निकाला गया लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी नन्हें सिंह की सांसें थम गईं थीं। मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस व आधार कार्ड से मृतक की पहचान मिलक निवासी नन्हें सिंह यादव के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलक पुलिस और परिजनों को दी। 

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देख परिजनों ने चीख पुकार मचाना शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए  बरेली के जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने नन्हें सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक परिवार के पालन-पोषण के लिए घर में दूध की डेयरी का संचालन भी करता था। परिवार में पत्नी तथा दो मासूम पुत्री व पुत्र हैं।

एक माह पूर्व मृतक का हुआ था झगड़ा
 एक माह पूर्व रुपयों के लेनदेन में कुछ लोगों ने नन्हें सिंह यादव को मारपीट कर घायल कर दिया था। घायल की पत्नी ने कोतवाली में इंसाफ की गुहार लगाई थी। मृतक की पत्नी ने बताया  कि वह नगर के मोहल्ला शाहूजी नगर की निवासी है।उसका पति नन्हे सिंह यादव ट्रैक्टर चालक है। डेढ़ माह पूर्व कृषि मंडी के  केंटीन संचालक ने आलू का व्यापार करने के लिए नन्हें सिंह को ट्रैक्टर लेकर आगरा भेजा था। 

नन्हे सिंह ने आगरा में रहकर एक माह काम किया था। होली त्योहार के मद्देनजर घर वापस लौट आया था। नन्हे सिंह कई दिन से अपनी मजदूरी के रुपये मांग रहा था लेकिन केंटीन संचालक रुपये देने में आनाकानी कर रहा था। तीन अप्रैल को वह मंडी परिसर में कैंटीन संचालक से रुपये मांगने गया था,तो कैंटीन संचालक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी थी।

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
फतेहगंज में हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। पति की  मौत के बाद मृतक नन्हे सिंह की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव को देख मृतक की पत्नी आपा खो बैठी। कई बार बेहोश होने के बाद वह बार-बार अपने चारों मासूम बच्चों को देख उनके भविष्य की चिंता करते हुए फूट-फूट कर रोती रही। परिजन उसे दिलासा देते रहे। मृतक के अंतिम संस्कार में पहुंचे लोग चारों मासूमों को देखकर अपनी आंखों के आंसू नहीं रोक पाए।  

ये भी पढे़ं- रामपुर: श्री गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा में हुए शबद-कीर्तन से संगत हुई निहाल