Bareilly News: ओवरहैड टैंकों की सफाई नहीं होने से दूषित पानी पी रहे लोग, शिकायत करने पर भी समस्या नहीं की जा रही दूर
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम का जलकल विभाग शहर की करीब 15 लाख की आबादी को 42 ओवरहेड टैंक से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति का दावा कर रहा है मगर हकीकत कुछ और है। ओवर हैड टैंकों की सफाई नही होने से घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। परेशान होकर लोग शिकायत कर रहे हैं लेकिन समस्या दूर नहीं की जा रही है। इसके अलावा कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई ही नहीं हो रही है।
बुधवार को शहर के बरेली कॉलेज के पास, शहामतगंज सहित अन्य जगहों पर ओवरहेड टैंकों की सफाई व्यवस्था का हाल जाना तो पता चला कि कुछ की सफाई तो एक साल से नहीं हुई है। कई टैंक में सफाई की तिथि ही नहीं लिखी गई है, जिससे पता ही नहीं चल रहा कि इनकी सफाई कब की गई। नियम के मुताबिक टैंक की सफाई प्रत्येक छह महीने में होनी चाहिए, ताकि लोगों को शुद्ध पानी मिले।
इन मोहल्ले में आ रहा गंदा पानी
शहर के कटरा चांद खां, फाल्तुनगंज, कालीबाड़ी इलाके में लोगों के घरों तक शुद्ध पानी नहीं पहुंच रहा है। कटरा चांद खां में कभी-कभी पानी आता है तो वह भी गंदा जो पीने लायक नहीं होता है। इसकी वजह से लोग हैंडपंप का पानी पीते हैं। कालीबाड़ी में मंदिर वाली गली में टंकी की टोटियों में पानी नहीं आता है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत की गई लेकिन समस्या का निदान नहीं हो सका है। कालीबाड़ी की जगरानी, पप्पी, त्रिवेणी, कैलाश ने बताया कि गंदा पानी आने से बीमार होने का डर रहता है।
टंकी का पानी पीने के लिए नहीं मिल रहा है। कभी पानी आता है तो वह गंदा होता है। शिकायत करने के बाद भी समस्या हल नहीं होती है। -गंगाराम, फाल्तुनगंज
मोहल्ले में शुद्ध पानी न मिलने की सबसे बड़ी समस्या है। यहां पर नेता वोट मांगने के लिए आ रहे हैं लेकिन समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। -दुर्गावती, फाल्तुनगंज
टोटियों में पानी नहीं आता है। इसकी वजह से पानी की दिक्कत होती है। पानी की समस्या को कोई दूर नहीं कर रहा है।-रानी, फाल्तुनगंज
नगर निगम वाली टंकी में तो पानी आता ही नहीं है। मोहल्ले में लगे सरकारी नल से पानी भरने को मजबूर होना पड़ता है।-अजय रत्नाकर, कटरा चांद खां
गंदा पानी सेहत के लिए नुकसानदेह
जिला अस्पताल के डॉ. राहुल बाजपेयी ने बताया कि दूषित पानी के लगातार सेवन से पेट संबंधित बीमारी होने का खतरा रहता है। इससे पेचिश हो सकती है। इसके अलावा दूषित पानी पीने से कॉलरा, टाइफाइड, हेपेटाइटिस जैसी बीमारियां भी होती हैं।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: 5 से तीन दिन बारिश के आसार, तापमान पहले ही लुढ़का
