तेंदुए का हमला : किशोरी पर वन्यजीव का हमला, दहशत बरकरार
गांव में एक सप्ताह भर में हुआ दूसरा हमला
बहराइच, अमृत विचार। धर्मापुर गांव निवासी बालिका शुक्रवार को घर के सामने लगे नल पर पानी भर रही थी तभी जंगल से निकाल कर आए तेंदुए ने बालिका पर हमला कर दिया जिससे बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, यहां से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग से सटे गांव में बाघ और तेंदुओं की आमद काफी बढ़ गई है। धर्मापुर रेंज के धर्मापुर गांव निवासी श्रद्धा (8) पुत्री सुखी राम शुक्रवार रात को 8:00 घर के सामने लगे नल पर पानी भर रही थी। तभी जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ ने बालिका के गले को पकड़ लिया।
हालांकि शोर मचाने पर गांव के लोगों ने हांका लगाया। तब तेंदुआ बालिका को छोड़ जंगल की ओर चला गया। बालिका को वन विभाग के साथ डब्लूटीआई टीम के श्रुति चौहान की टीम एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एंबुलेंस के ईएमटी अशोक कुमार और चालक रामकांत द्वारा मेडिकल कॉलेज लाया जा रहा है।
