संभल: प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चिकित्सक पर लगाया गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर 

चन्दौसी, अमृत विचार: शक्ति नगर स्थित एक हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने पहुंच दोनों पक्षों से वार्ता की और महिला का शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के परिजनों की ओर से महिला चिकित्सक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है। 

कोतवाली क्षेत्र के प्रेमनगर कॉलोनी निवासी राजीव कुमार पुत्र सरदार सिंह ने शनिवार की शाम अपनी पत्नी संगीता 22 वर्ष को प्रसव के लिए शक्ति नगर स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। रविवार की सुबह सात बजे जब हॉस्पिटल में महिला का अल्ट्रासाउंड हुआ तो उसमें बच्चा मृत था। इसके बाद सुबह दस बजे महिला की नार्मल डिलीवरी की गई। जिसमें महिला ने मृत पुत्र को जन्म दिया।

पीड़ित पति ने बताया कि दोपहर संगीता की हालत बिगड़ी तो हॉस्पिटल स्टाफ ने इंजेक्शन लगा दिया। जिससे महिला की हालत और बिगड़नी शुरू हो गई। तब चिकित्सक ने महिला को अन्य हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी। जिसके बाद परिजन महिला को अन्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन महिला का शव शक्ति नगर हास्पिटल के सामने ले आए और चिकित्सक पर हत्या का आरोप लगाते हुए विलाप करने लगे। महिला के मायके पक्ष के लोग भी आ गए। हंगामे का माहौल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ प्रदीप कुमार सिंह,  प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह, जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वास अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने महिला चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की। 

ये भी पढ़ें- संभल: खाली मकान में पकड़ा गया प्रेमी जोड़ा, वीडियो हुआ वायरल

संबंधित समाचार