तस्करों व वनकर्मियों में मुठभेड़, शातिर तस्कर घायल, तीन गिरफ्तार

तस्करों व वनकर्मियों में मुठभेड़, शातिर तस्कर घायल, तीन गिरफ्तार

नैनीताल। उत्तराखंड के तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में रविवार को तड़के लकड़ी तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच फायरिंग का मामला सामने आया है। फायरिंग में कुख्यात वन तस्कर घायल हो गया है। कुल तीन तस्कर गिरफ्तार किये गये हैं। घायल को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके से एक तमंचा भी बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला आज सुबह का है। बताया जा रहा है कि वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली कि लालकुआं के पास टेंडा रेंज में वन तस्कर जगंल में घूस कर लकड़ी काट कर ले जा रहे हैं। वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम को देख कर तस्करों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्यवाही में कुख्यात वन तस्कर लखविंदर सिंह लक्खु निवासी बरहैनी, बाजपुर, ऊमधसिंह नगर घायल हो गया। 

टीम ने मौके से लक्खु समेत तीन तस्करों को पकड़ लिया। घायल को उपचार के लिये सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से बेशकीमती सागौन की लकड़ी से भरा एक पिकअप वाहन भी पकड़ा गया। इसके अलावा 315 बोर का एक तमंचा और मोटर साइकिल को टीम ने कब्जे में ले लिया है।

आरोपियों के खिलाफ लालकुआं थाना में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार घायल लखविंदर शातिर तस्कर है। वह पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। उसने इससे पहले भी एक वन कर्मी को गोली मार दी थी। वन कर्मी की मौते हो गयी थी। वह इसी मामले में जेल में बंद रहा है और हाल ही में जेल से बाहर आया था। 

ये भी पढ़ें- रामनगर: झूला और तेजपात घास पर लगी रायल्टी वापस ली जाए

ताजा समाचार