Kannauj: दीवान की हुई हत्या, फालोअर समेत तीन पर लगाया आरोप...पत्नी समेत परिजनों ने एसपी कन्नौज को सौंपा शिकायती पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन के कैलिया थाने में तैनात दीवान का गला कटा शव मिलने का मामला

कन्नौज, अमृत विचार। जालौन जनपद के कैलिया थाना की बैरक के अंदर हेड कांस्टेबल का शव मिलने के मामले में परिजनों ने फालोअर व दो हेड सिपाहियों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। बसपा के पूर्व राज्य मंत्री सतीश पाल व ग्रामीणों के साथ मृतक के परिजन एसपी से मिले। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिये एसपी को तहरीर दी है।

कन्नौज जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पदारतपुर के मूल निवासी व हाल निवासी  127/340जुही बारादेवी कानपुर नगर निवासी हेड सिपाही बीरेंद्र सिंह पाल का शव जालौन जनपद के कैलिया थाने के बैरक में मिला था। गले में धारदार हथियार के वार करने की पुष्टि हुई थी। एसपी जालौन ने मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण आत्महत्या बताया था। मामले में सोमवार मृतक की पत्नी बबलेश पाल ने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी कन्नौज अमित कुमार अनन्द को शिकायती पत्र दिया है।

इस में कहा गया है कि मालखाने के चार्ज को लेकर उसके पति ने दीवान मोसिन खांन, दीवान अरविंद कुमार व फालोअर व अन्य लोगों से विवाद की बात 15 जून की रात पुत्र अभिषेक  सिंह से फोन पर बात होने पर कही थी। यह सब बताते समय पति डर रहे थे। कह रहे थे कि उक्त लोग उसकी हत्या कर सकते हैं। पुत्र ने पिता से कहा कि कुछ नहीं होगा सो जाओ।

फोन खुला रखने की भी बात पुत्र ने कही थी। 16 जून की सुबह 4:30 बजे जब फोन लगाया तो बंद था। इसके बाद सात बजे भी फोन बंद मिला। इस पर अभिषेक ने थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर पर फोन कर पिता के वारे में पूछताछ की और अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए उनके आवास पर जाने की बात कही थी। इसके बाद थाना प्रभारी ने फोन कर जानकारी नहीं दी। 

अनहोनी की आशंका पर पुत्र अभिषेक साथियों के साथ कार से जालौन जनपद के थाना कैलिया के लिये निकला। दिन में 10 बजे के करीब जब वह उरई पहुंचा तो सीओ उरई ने फोन कर पिता की हालत खराब होने की जानकारी दी। पुत्र मौके पर पहुंचा तो बीरेंद्र सिंह का शव कमरे के बाहर खून से लथपथ पड़ा मिला। गले पर धारदार हथियार के निशान मिले। पति के शव को पुलिस ने गांव पदारथपुर भेजा। यहां अंतिम संस्कार के बाद बसपा के पूर्व राज्य मंत्री सतीश पाल के अलावा मृतक की पत्नी बबलेश पाल, पुत्री नेहा सिंह, पुत्र अभिषेक सिंह व कृष्णा सिंह एसपी से मिले।

एसपी को तहरीर दी। एसपी ने पूरी मदद करने का भरोसा दिया। तहरीर को जालौन के एसपी को भेजी गई। इस आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट जालौन जनपद के थाना कैलिया में दर्ज गई है। एसपी से मिलने के दौरान आवस के बाहर सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अंशू पाल, ओमवीर पाल, अशोक पाल, राम निवास पाल के अलावा गांव के लोग मौजूद रहे।

तहरीर से हटाया गया कैलिया थानाध्यक्ष का नाम

जालौन के कैलिया थाने में दीवान की मौत के मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक सिपाही की पत्नी बबलेश पाल ने दीवान मोसिन खान, दीवान अरविंद कुमार व फालोअर और थानाध्यक्ष राजीव कुमार बैश्य का नाम दिया था। बाद में तहरीर बदलवा कर थानाध्यक्ष का नाम हटवा दिया गया। इसके बाद दूसरी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- Eid Ul Adha 2024: कानपुर में नमाजियों ने नमाज अदा कर गले मिलकर दी मुबारकबाद...कुर्बानियों का दौर शुरू, ड्रोन से होती रही निगरानी

 

संबंधित समाचार