बागेश्वर: विस्फोट करने से गिरा बोल्डर, मकान क्षतिग्रस्त
बागेश्वर, अमृत विचार। सरयू नदी में खातासेरा में हो रहे हाइड्रो परियोजना निर्माण में विस्फोटकों का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे आसपास की पहाड़ियां दरक रही हैं। बीती रात्रि अचानक जोगापाणी चट्टान से बोल्डर गिरने लगे। एक बोल्डर आवासीय मकान में गिर गया जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से उस वक्त मकान में कोई नहीं था। जिससे हादसा टल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके को रवाना हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बागेश्वर व पिथौरागढ़ की सीमा खातासेरा कठानी के पास इन दिनों डैम का निर्माण किया जा रहा है। बताया कि डैम कंपनी के लोग हमेशा ग्रामीणों को धमकाते हैं और शासन- प्रशासन में अपनी पहुंच बताते हैं। कहा कि कंपनी द्वारा नियमित रूप से विस्फोटक सामग्री का प्रयोग किया जाता है।
मंगलवार को भी वहां दिन में कई बार विस्फोटक सामग्री का प्रयोग किया गया। जिससे चट्टान दरक रही है। बताया कि बीती रात्रि लगभग दस बजे बोहाला ग्रामसभा के कठानी में राजन सिंह मेहता पुत्र गोविंद सिंह अपने मकान में बैठकर वार्ता कर रहे थे तभी पहाड़ी से एक बोल्डर उनके दूसरे मकान में आ गिरा। बताया कि उस वक्त यदि राजन सिंह मेहता का परिवार सोया नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बोल्डर गिरने से आवासीय मकान की लिंटर की छत टूट गई तथा मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
राजन सिंह मेहता ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान पूरन असवाल व क्षेत्रीय पटवारी देवेंद्र सिंह बोरा को दी। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह तहसीलदार दलीप सिंह व भू वैज्ञानिक सुनील दत्त ने गांव का दौरा किया तथा ग्रामीणों से वार्ता की। प्रशासन को भू वैज्ञानिक की टीम का रिपोर्ट का इंतजार है।
रात भर चैन से सो नहीं पाए ग्रामीण
कठानी में रात में पहाड़ी दरकने से गिरे बोल्डर से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि राजन सिंह के मकान में बोल्डर गिरने के बाद राजन सिंह समेत आसपास के ग्रामीण अन्य मोहल्ले में गए तथा अन्य परिवारों के यहां रात गुजारी।
मकान में बोल्डर गिरने की सूचना के बाद तहसीलदार व भूगर्भ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। वे जांच करके रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित परिवार को मुआवजा प्रदान किया जा रहा है।
- मोनिका, उपजिलाधिकारी बागेश्वर।
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल का दौरा किया। अध्ययन के बाद रिपोर्ट बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने डैम निर्माण में विस्फोटक सामग्री के उपयोग के बाद पहाड़ी दरकने की शिकायत की है। इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
- सुनील दत्त, भूगर्भ अधिकारी बागेश्वर
