बाराबंकी : गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के पहिए में लगी आग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

करीब एक घंटे तक रुकी रही ट्रेन, भीषण गर्मी में यात्री हुए बहाल

अमृत विचार, बाराबंकी। ऐशबाग से गोरखपुर जा रही 15070 ऐशबाग गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के पहियों में रविवार शाम करीब पांच बजे अचानक आग लग गई। सफेदाबाद स्टेशन मास्टर ने बाराबंकी स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि इंजन से दूसरे कोच नंबर 215678/C में ब्रेक बाइंडिंग की वजह से धुएं के साथ चिंगारी निकल रही है। ट्रेन सफीपुर क्रॉसिंग पहुंची थी, तभी अचानक पहियों से निकलता धुआं देखकर यात्रियों में भी हड़कंप मच गया।

ट्रेन के पहियों से आग निकलने की सूचना रेलवे के अधिकारियों तक पहुंची। जिसके बाद आनन-फानन ट्रेन सफीपुर में गेट नंबर 178 पर रोकी गई। ट्रेन रुकते ही सहमे यात्री कूद कूदकर ट्रेन से बाहर भागे। जिसके बाद लोकोपायलट और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे के बाद फायर इक्विपमेंट्स से आग को बुझाकर ट्रेन को आगे के लिये रवाना किया गया।

पहियों से निकलने वाला धुआं इतना तेज था कि जैसे मानो ट्रेन के नीचे आग लगी हो। सूचना पर लोको पायलट द्वारा ट्रेन को सफीपुर क्रॉसिंग के पास ही इमरजेंसी ब्रेक मारकर रोका गया। ट्रेन के पहियों में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई तो अधिकारी अलर्ट हुए और आगे पीछे से आ रही ट्रेनों को भी अलर्ट किया गया। इस बीच ट्रेन में आग लगने के डर से यात्री कूद-कूदकर बाहर भागे।

कई यात्रियों ने तो अपना सामान भी ट्रेन से नीचे उतार लिया। लगभग एक घंटे बाद आग पर बुझाकर ट्रेन को अपने गंतव्य स्थान के लिये रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन से नीचे उतरे यात्री धूप में बेहाल होते दिखे। वहीं बाराबंकी स्टेशन मास्टर सत्येंद्र कुमार के मुताबिक गाड़ी में ब्रेक बैंडिंग (ब्रेक लेदर) के चिपकने से धुना और आग लगी थी। गर्मी के दौरान पहियों की रगड़ के कारण ऐसा हुआ। मेंटेनेंस टीम ने समस्या को दूर कर करीब ट्रेन को रवाना कर दिया। इससे कोई भी ट्रेन प्रभावित या लेट नहीं हुई है।

 

संबंधित समाचार