बाराबंकी: खाते में बजट, निकाय के कर्मियों को नहीं दे रहे वेतन, ईओ की तानाशाही के चलते कर्मचारियों के रोजी रोटी के पड़े लाले
दीपराज सिंह/देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत देवा में धन उपलब्ध होने के बाद भी यहां पर तैनात कर्मचारियों को करीब दो माह से वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते उनके सामने परिवार की रोजी रोटी चलाने का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर वेतन न मिलने की पोस्ट भी डाली है।
आदर्श नगर पंचायत देवा में 63 आउटसोर्सिंग और 24 नियमित कर्मचारी मिलाकर कुल 87 कर्मचारियों की तैनाती हैं। जिन्हें सफाई कर्मी, पंप संचालक ,सहित अन्य पदों पर तैनात किया गया है। विभागीय सूत्रों की माने तो यहां पर तैनात अधिशाषी अधिकारी मोहिनी केसरवानी की मनमानी के चलते इन कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं दिया गया है। जिसके चलते कर्मचारियों के सामने रोजी रोटी चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
नगर पंचायत देवा में तैनात पंप संचालक अकबर अली ने एक वाट्सऐप ग्रुप पर अपनी फोटो डालकर लिखा है कि उसकी तबियत खराब है और इलाज के लिए पैसे नहीं है और उसे दो माह से वेतन नहीं मिला है। मजे की बात तो यह है कि नगर पंचायत के पास धन भी उपलब्ध है उसके बाद भी कर्मचारियों का वेतन जारी न होना किसी के गले नहीं उतर रहा है।
सफाई कर्मचारियों का वेतन रिलीज कर दिया गया है। बाकी का भी जल्द रिलीज कर दिया जाएगा। नगर पंचायत में बजट उपलब्ध है...,मोहम्मद हारुन, चेयरमैन, नगर पंचायत देवा।
क्या बोले चेयरमैन मोहम्मद हारुन
नगर पंचायत देवा में दूषित जलापूर्ति करने वाला पंप अभी तक सही नहीं हो सका है। चेयरमैन मोहम्मद हारुन ने बताया कि उस पंप की बोरिंग फेल होने के कारण उसमें गंदा पानी आ रहा था। जिससे पाइप लाइन चोक होने का खतरा बढ़ गया था। जिसके चलते उस पंप को बंद कर दिया गया है। जल्द ही दूसरी बोरिंग करवाई जाएगी फिलहाल एक पंप से जल आपूर्ति की जा रही है।
