हल्द्वानी: कार वाला मार कर भागा, एक साल बाद पुलिस ने लिखा मुकदमा

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सैर पर निकले वृद्ध दंपति को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। दोनों बुरी तरह घायल हो गये। पुलिस को अगले दिन तहरीर भी सौंपी गई, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अब एक साल बाद मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। 

श्रीराम कॉलोनी भगवानपुर रोड मुखानी निवासी रमेश सिंह राणा (66 वर्ष) 4 जून 2023 को अपनी पत्नी मीना राणा (62 वर्ष) के साथ घर से टहलने निकले थे। दोनों पैदल जा रहे थे कि तभी तेज रफ्तार कार संख्या यूके 04 एई 3014 ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मीना 20 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहीं। उनकी पसलियां व पैर की हड्डियां बुरी तरह टूट गईं और सिर में भी गंभीर चोटें आईं।

अगले दिन रमेश के पुत्र देवेंद्र ने मुखानी थाने पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। साथ ही बताया कि लापरवाह चालक ने कुछ और लोगों को भी घायल किया है। बावजूद इसके उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। पीड़ित के कई चक्कर लगाने के बाद अब एक साल बाद आरोपी कार चालक के खिलाफ कार नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 

संबंधित समाचार