प्रतापगढ़ : ननिहाल आये अमेठी के किशोर की डंडे से पीटकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज,संदिग्धों से पूछताछ में जुटी पुलिस

 लालगंज प्रतापगढ़ अमृत विचार : मामा के घर आए किशोर की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का घर और ननिहाल अमेठी जिले में होने के कारण प्रतापगढ़ पुलिस को जानकारी देर से हुई। हालांकि पुलिस तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

अमेठी जिले के गौरीगंज थाना क्षेत्र के गुवावा का रहने वाला 12 वर्षीय अभय कनौजिया पुत्र शिव  भोला उर्फ अजय कनौजिया का गांव के एक विद्यालय में सातवीं कक्षा में पढ़ता था। पांच दिन पूर्व अभय अपनी मां दीपा कनौजिया के साथ ननिहाल सुक्खा त्तिवारी का पुरवा नरैनी,जनपद अमेठी आया था। मंगलवार की शाम अभय ननिहाल के दो हमउम्र साथियों के साथ मवेशी चराने सांगीपुर थाना क्षेत्र के नवहादल गांव गया था।

वहां किक्रेट खेलकर सभी साथी लौट रहे थे। रास्ते में जाति को लेकर किसी ने टिप्पणी कर दी तो बच्चों में कहासुनी हो गई। दीपा का आरोप है कि अभय के साथ गए एक किशोर ने अपनी मां के ललकारने पर अपने दूसरे साथी के साथ अभय पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। जानकारी होते ही परिजन बेहोशी हालत में अभय को लेकर गौरीगंज जिला अस्पताल गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वह भाई - बहन में छोटा था। घटनास्थल को लेकर अमेठी और बेल्हा पुलिस उलझी रही। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद मामले को सांगीपुर थाने पर भेज दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी किशोर, उसकी मां व उसके साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीन नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर  संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें :- Acid Attack: नीट काउंसलिंग के लिए जा रही छात्रा पर फेंका एसिड, भाई भी हुआ शिकार






संबंधित समाचार