टनकपुर: जंगली मशरूम खाने से बिगड़ी महिला की तबियत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर अमृत विचार। नगर के विष्णुपुरी कालोनी वार्ड नंबर 11 में जंगली मशरूम खाने से एक महिला की तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें  उपचार के लिए  उप जिला अस्पताल लाए। उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि विष्णुपुरी कालोनी निवासी बसंती देवी (46) पत्नी मदन राम गुरुवार की दोहपर खाना खाने के बाद अचानक बेहोश हो गई। इस घटना से  घबराए परिजन  तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए। उनके साथ आए परिजनों ने बताया कि महिला ने जंगली मशरूम की सब्जी खाई थी।

महिला का उपचार कर रहे सीएमएस डा. घनश्याम तिवारी ने बताया कि बरसात के सीजन में जंगलों में अलग-अलग प्रजाति का जंगली मशरूम उग आता है। सही पहचान न होने के कारण कई लोग विषैला मशरूम तोड़ लाते हैं, जो खाने के बाद जानलेवा भी साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि महिला ने विषैला मशरूम खा लिया है। महिला का उपचार करने के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया है। 

संबंधित समाचार