कासगंज : रक्षा के लिए की गई नाग देवताओं की पूजा, नागों को पिलाया दूध
कासगंज, अमृत विचार। सावन मास शुक्ल पक्ष की पंचमी को नाग पंचमी के पर्व के रूप में मनाया गया। श्रद्धालुओं ने जंगलों में जा कर नाग की बामियों में दूध चढ़ाया। नागों को दूध पिलाकर रक्षा की कामना की। घरों में भी महिलाओं द्वारा नाग की प्रतीक बनाकर पूजा की गई।
मान्यता है कि नाग पंचमी पर नागों से मनुष्य की रक्षा के लिए उनकी पूजा की जाती है। इसी मान्यता के चलते सोमवार को जिले भर में धर्मलांबियों द्वारा नाग पंचमी पर्व मनाया गया। जंगलों एवं निरजीव स्थलों पर पहुंचकर लोगों ने नाग की बामियों में दूध चढ़ाया। नागों को दूध पिलाकर परिवार की रक्षा की कामना की। घरों में महिलाओं ने वासुकी नाग, शेष नाग एवं तक्षक नाग का प्रतीक बनाया। सैमई, खीर से भोग लगाकर पूजा की। लोग वहां से मिट्टी ले गए। मान्यता के अनुसार इस मिट्टी में गेहूं बोकर उससे आने वाली बालियों को रक्षाबंधन पर्व बहन भाईयों के कानों पर लगाती है। इसके बाद इन्हें बहती नदी में प्रवाह कर दिया जाता है।
