पीलीभीत: दीपावली के मद्देनजर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अलर्ट..उल्लू का शिकार रोकने को अफसर-वनकर्मी करेंगे निगरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। उल्लू के शिकार की घटनाओं के मद्देनजर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। रेंजरों-वन कर्मियों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि अंधविश्वास के चलते दिवाली के आसपास उल्लू के शिकार की घटनाएं बढ़ जाती है।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व बाघ-तेंदुए के साथ विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को भी एक बड़ा संसार बसा हुआ है। उल्लू की भी खासी मौजूदगी रहती है। दिवाली पर्व के आसपास उल्लू की डिमांड बढ़ जाती है। इसकी वजह यह है कि कुछ अंधविश्वासी लोग तांत्रिक क्रिया के लिए उल्लू का प्रयोग करते हैं। इन दिनों उल्लू की डिमांड बढ़ने के कारण इन्हें खासे ऊंचे दामों में बेचा जाता है। शिकारी इसका फायदा उठाने की फिराक में रहते हैं। इधर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में शातिर शिकारियों की अवैध घुसपैठ रोकने को टाइगर रिजर्व प्रशासन ने जंगल और इससे सटे इलाके में अलर्ट जारी किया है। इसमें पीलीभीत टाइगर रिजर्व के साथ सामाजिक वानिकी प्रभाग के वन अफसरों को टीमों का गठन कर सख्त निगरानी के साथ गश्त करने के निर्देश दिए हैं। उल्लुओं का शिकार करते पकड़े जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पीटीआर में अवैध घुसपैठ होने की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों उल्लू के शिकार की घटनाओं के मद्देनजर संबंधितों को गश्त बढ़ाते हुए सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। - मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: सैलानियों को जैवविविधता की आसानी से मिल सकेगी जानकारी, 30 नेचर गाइड तैयार

संबंधित समाचार