मुरादाबाद: गुरुद्वारे में घुसकर युवक ने सेवादारों पर की फायरिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीपलगांव के गुरुद्वारे में हुई घटना, मारपीट और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप 

भगतपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव पीपलगांव में स्थित गुरुद्वारे में बुधवार शाम भाजपा का झंडा लगी कार से पहुंचकर युवक ने साथियों के साथ सेवादारों पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आरोपी ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की। इसके बाद आरोपी भाग गए। पीड़ित सेवादारों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

 गांव पीपलगांव निवासी अलबिंदर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गुरुद्वारे में बुधवार शाम गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष में अखंड पाठ चल रहा था। इस बीच गांव निवासी सेवाराम सिंह साथियों के साथ कार से गुरुद्वारे में पहुंचा। उसकी कार पर भाजपा का झंडा लगा था। यहां वह जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सिख समुदाय के लोगों से अभद्रता करने लगा। इस पर उन्होंने उससे कहा कि इस जमीन का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने से मना किया तो वह सेवादारों के साथ मारपीट करने लगा। इस बीच आरोपी सेवाराम ने तमंचा से फायरिंग कर दी। हालांकि इससे कुछ लोग बाल-बाल बच गए। फायरिंग होने से कार्यक्रम में शामिल लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। बाद में सेवादारों ने पुलिस को घटना की सूचना दी तो थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सेवादारों से पूछताछ की। इस संबंध में थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल ने बताया कि सेवादारों की तहरीर पर मामला दर्ज किया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

संबंधित समाचार