कासगंज: पालिका सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

कस्बा गंजडुंडवारा में जगह-जगह पड़े कूड़े के ढेर 

गंजडुंडवारा, अमृत विचार। गंजडुंडवारा पालिका के सफाईकर्मी एक माह पूर्व दिए अश्वासन के बाद भी मांगो के पूर्ण न होने पर उग्र हो गये हैं। सफाई कर्मचारियों ने स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र के निर्धारित समय में समाधान न होने पर शुक्रवार सुबह से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जिससे कस्बा कूड़े के ढेर से पट गया है।

दरअसल समस्या का समाधान न होने पर स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने गुरुवार दोपहर से हड़ताल की घोषणा के बाद शुक्रवार सुबह से धरना प्रदर्शन प्रारम्भ कर दिया। जिसके चलते पालिका प्रशासन में खलबली मच गई। नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारी स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले पांच सूत्रीय मांग पत्र अधिशासी अधिकारी को सौंप चुके थे। जिस पर अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने नियत समय में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। कर्मचारियों ने बताया कि विगत माह पूर्व मृतक सफाई कर्मचारियों का 07 वें वेतन से संबंधित बकाया का भुगतान 02 दिवस में किया जाना, मृतक एवं कार्यरत सफाई कर्मचारियों का एसीपी एक माह में पूर्ण किए जाना, फरवरी 2015 से जुलाई 2021 तक वेतन एरियर (महंगाई, एन.एस.सी. से सम्बन्धित) का एक सप्ताह में पूर्ण किए जाना, आउटसोर्स समस्त सफाई कर्मचारियों की ई.पी.एफ. कटौती व बीमा सम्बन्धी समस्या का एक माह के अन्दर निस्तारण किया जाना निश्चित हुआ था। लेकिन समस्या का समाधान आज तक न हो सका जिससे कर्मचारी उग्र है।

चैयरमैन के अश्वासन पर भी न माने सफाईकर्मी
हड़ताल समाप्त कराने को चैयरमैन हाजी मुनव्वर हुसैन द्वारा सफाईकर्मियो से बात की गई, जल्द मांगे पूर्ण करने का अश्वासन दिया गया। लेकिन वह मांगो को तत्काल पूर्ण कराए जाने पर अड़े रहे और पालिकाध्यक्ष की एक न सुनी।

जानिए क्या बोले ईओ
ईओ सुनील कुमार ने बताया कि मांगों को पूर्ण करने को पालिका प्रशासन प्रयासरत है। कुछ मांगो में निदेशालय से पत्राचार कर पूर्ण किया जाना है। जिससे तय समय से अतिरिक्त समय लग रहा है। सभी मांगे पूर्ण की जाएगी।

संबंधित समाचार