बरेली: सुभाषनगर में पटाखा बाजार को मंजूरी, जनपद में लगेंगी 600 अस्थायी दुकानें
बरेली, अमृत विचार। इस बार जनपद में आतिशबाजी की करीब 600 दुकानें लगेंगी। इनकी अनुमति जारी कर दी गयी है। शहर में 10 स्थानों पर 275 दुकानें लगाने के लिये कारोबारियों ने मंगलवार से ही तैयारी शुरू कर दी थी। बुधवार शाम तक दुकानें तैयार हो गयीं। देर रात तक दुकानों में आतिशबाजी रख दी …
बरेली, अमृत विचार। इस बार जनपद में आतिशबाजी की करीब 600 दुकानें लगेंगी। इनकी अनुमति जारी कर दी गयी है। शहर में 10 स्थानों पर 275 दुकानें लगाने के लिये कारोबारियों ने मंगलवार से ही तैयारी शुरू कर दी थी। बुधवार शाम तक दुकानें तैयार हो गयीं। देर रात तक दुकानों में आतिशबाजी रख दी जाएगी।
गुरुवार से तीन दिनों तक अस्थायी लाइसेंस पर आतिशबाजी बेचने की अनुमति दी गयी है। देहात क्षेत्रों में 325 दुकानें लगाने को संबंधित क्षेत्र के एसडीएम ने लाइसेंस जारी किये हैं। इधर, सुभाषनगर में रेलवे स्कूल मैदान में आतिशबाजी की दुकानें लगाने को अनुमति जारी नहीं होने के बाद कारोबारी तीन दिन से परेशान थे। कारोबारियों ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के समक्ष अपनी बात रखी। केंद्रीय मंत्री ने कारोबारियों की पीड़ा समझते हुये जिलाधिकारी नितीश कुमार से फोन पर बात की और पटाखा बाजार लगाने को अनुमति देने पर विचार करने पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री की ओर से चिट्ठी भी प्रभारी अधिकारी (शस्त्र) एवं नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंची। जिसमें केंद्रीय मंत्री ने डीएम से बात होने का जिक्र किया। मामले में प्रभारी अधिकारी शस्त्र ने अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय को दोबारा से जांच कर रिपोर्ट मांगी। बुधवार शाम अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट कारोबारियों के पक्ष में आ गयी। सुभाषनगर में पटाखा बाजार लगाने को मंजूरी मिल गयी। इधर, प्रभारी अधिकारी शस्त्र मदन कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम रिपोर्ट मिल गयी है। पूरी रिपोर्ट गुरुवार सुबह डीएम के समक्ष रखी जाएगी। इसके बाद सुभाषनगर के स्कूल में पटाखा बाजार लगाने की अनुमति दे दी जाएगी।
शहर में यहां पर लगायी जाएंगी आतिशबाजी की दुकानें
बरेली। प्रभारी अधिकारी शस्त्र मदन कुमार ने शहर में 10 स्थानों पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने की अनुमति पहले ही जारी कर दी थी। जिसमें मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के मैदान में 40, राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में 25, डीएवी उमावि के मैदान में 50, रामलीला मैदान मॉडल टाउन में 20, तुलसी नगर के मैदान (रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने) में 40, चौधरी तालाब स्थित रामलीला मैदान में 30, बीआई बाजार, तिकोनिया कैंट में 15, सदर बाजार में चर्च के पास सड़क किनारे 05, रामलीला मैदान हार्टमैन कॉलेज में 25, सीबीगंज थाने के सामने लोहिया बिहार पार्क में 25 अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति दी है।
जनपद में पटाखे फोड़ने के निर्देश जारी करने को एसएसपी को लिखा पत्र
बरेली। अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा। जिसमें एसएसपी से एनजीटी के आदेशों के अनुपालन में पटाखा फोड़ने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि आतिशबाजी के संबंध में एनजीटी न्यायालय, नई दिल्ली के 9 नवंबर के आदेश के अनुपालन में निम्न निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश प्राप्त हुये हैं। शासनादेश के प्रस्तर-तीन में उत्तर प्रदेश के जनपदों में आतिशबाजी (फायर क्रेकर्स) की बिक्री प प्रयोग पर एनजीटी द्वारा दिये गये आदेश का तत्काल पालन करें एवं इन जनपदों में दीपावली को मनाने के लिये डिजिटल/लेजर आदि की नई तकनीक का प्रयोग कराने पर जोर दिया। जिन जनपदों में एक्यूआई माडरेट या उससे बेहतर है। वहां पर केवल ग्रीन क्रेकर्स बेचने को कहा गया है।
शासन ने आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस जारी करने की मांगी रिपोर्ट
बरेली। शासन ने बरेली जनपद से वर्ष 2018 और 2019 के साथ वर्तमान में आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस लेने के लिये कितने लोगों ने आवेदन किया और कितने लाइसेंस जारी किये। इसकी रिपोर्ट मांगी है। विशेष सचिव अटल कुमार राय का पत्र कलेक्ट्रेट पहुंचा है। यह रिपोर्ट शासन को भेजने के लिये सभी एसडीएम की सूचना मांगी गयी। बुधवार को नवाबगंज छोड़कर अन्य सभी तहसीलों से रिपोर्ट आ गयी। कलेक्ट्रेट के शस्त्र अनुभाग ने सभी जगहों की सूचना एकत्र कर शासन को रिपोर्ट भेज दी है।
