मुरादाबाद: शादी का झांसा देकर उत्तराखंड के युवक ने किया दुष्कर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विरोध करने पर मारपीट कर धमकाया, एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र की युवती को शादी का झांसा देकर साथ काम करने वाले उत्तराखंड के युवक ने दुष्कर्म किया। कई माह तक उसे लेकर किराये के मकान में भी रहा। बाद में मारपीट कर शादी करने से इन्कार कर दिया। शिकायत करने पर आरोपी के माता-पिता ने भी पीड़िता को धक्का देकर घर से भगा दिया। एसएसपी के आदेश से मझोला पुलिस ने आरोपी व उसके माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार इलाके की रहने वाली युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह अगवानपुर में एक ई-रिक्शा कंपनी में नौकरी करती थी। वहीं पर उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के जसपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौहानान निवासी मोहित शर्मा भी काम करता था। पीड़िता के अनुसार आरोपी मोहित ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। कई माह तक वह पीड़िता को लेकर किराये के मकान में रहा और शोषण करता रहा। बाद में शादी से इन्कार कर दिया। दबाव बनाने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार इसके बाद वह आरोपी के घर जाकर उसकी मां सुनीता और पिता अनिल शर्मा से शिकायत की तो उन दोनों ने गाली गलौज कर धक्का देकर घर से भगा दिया। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में गुहार लगाई। इस मामले में एसएसपी ने रिपोर्ट के आदेश दिए थे। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मझोला थाना पुलिस ने आरोपी मोहित शर्मा, उसकी मां सुनीता व पिता अनिल शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार