रामपुर: आजम खां के खिलाफ कोर्ट में पैरवी कर रहे जिला शासकीय अधिवक्ता नहीं रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अजय तिवारी की हार्ट अटैक से मौत के बाद फैली शोक की लहर

रामपुर, अमृत विचार। जिला शासकीय अधिवक्ता अजय तिवारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। सभी लोगों का उनके घर पर पहुंचना शुरू हो गया। वह काफी समय से भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े थे। मौजूदा समय में सपा नेता आजम खां से जुड़े कई मामलों में पैरवी कर रहे थे। इसके अलावा एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त के प्रतिनिधि थे। व्यवहार कुशल अधिवक्ता के समाज में सभी वर्गों में अच्छे संबंध थे। गुरुवार दोपहर कचहरी से जिला अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
 
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साईं विहार निवासी 52 वर्षीय अजय कुमार तिवारी पेशे राजस्व के जिला शासकीय अधिवक्ता थे। सरकार की ओर से आजम खां से जुड़े कुछ मामलों में पैरवी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार से वह बीमार चल रहे थे। गुरुवार दोपहर को वह कोर्ट आए थे। तबियत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। डॉक्टर ने हार्ट अटैक से मौत होना बताया। उसके बाद अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर अधिवक्ताओं का तांता लगा रहा। वह भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े हुए थे। भाजपा के कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे। वह मौजूदा समय में एक अखबार में अपनी सेवाएं दे रहे थे। 

इन लोगों ने जताया शोक
जानकारी मिलने के बाद बार अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू के अलावा सुनील शर्मा, विनय शर्मा, अशोक कुमार, रमेश लोधी, राजपाल गौतम, विनीत कश्यप, रितु सैनी ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक आकाश सक्सेना भी उनके घर पहुंचे। भारतीय बौद्ध महासभा  के प्रदेश महामंत्री डॉ.अरविंद कुमार गौतम ने शोक संवदेना व्यक्त की।

संबंधित समाचार