Kanpur: चुनावी लड़ाई की तैयारी में गर्माई सांगठनिक लड़ाई, भाजपा जल्द घोषित कर सकती अध्यक्षों की सूची

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

विशेष संवाददाता, कानपुर। भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव 2027 के लिहाज से संगठन के ढांचे में पुनर्गठन की प्रक्रिया पर तेजी से काम कर रहे हैं। इसके चलते भाजपा में जहां जिलाध्यक्षों, प्रांतीय परिषद सदस्यों की घोषणा सांसद और विधायकों के बीच रस्साकशी में अटकी है, वहीं  कांग्रेस भी दस फरवरी तक जिलाध्यक्षों की घोषणा में विफल रही है। समाजवादी पार्टी में तो संगठन का पूरा ढांचा बदलने पर ही मंथन जारी है। 

भाजपा में सबसे ज्यादा खींचतान जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा पर है। सांसद और विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। कानपुर उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण जिला में अध्यक्ष घोषित किए जाने हैं। 27 दिन बीत चुके हैं, पर अब तक हमति नहीं बन पा रही है। इसके पीछे एक कारण पार्टी द्वारा जिलाध्यक्षों को अधिकार सम्पन्न बनाने का निर्णय है, जिसके तहत ग्राम पंचायत, बीडीसी, निकाय प्रतिनिधियों के नाम फाइनल करने का अधिकार जिलाध्यक्षों को दिया जा सकता है। नामों को अंतिम रूप देने में क्षेत्रीय अध्यक्षों की राय को महत्व दिया जा रहा है। भाजपा ने आंतरिक विवाद के कारण 288 मंडल अध्यक्षों के नाम होल्ड कर रखे हैं। कानपुर में भी मंडल अध्यक्ष के नामों की घोषणा को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। 

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन के चलते संगठन के पुनर्गठन का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को छोड़कर सभी जिलों में अध्यक्ष पद पर नये चेहरे दिखेंगे। फ्रंटल संगठनों में भी फेरबदल किया जाएगा। पार्टी ने संगठन के लिहाज से कानपुर को तीन जिलों में बांटा है। जातीय समीकरण को तवज्जो दी जा रही है। दक्षिण में ब्राह्मण अध्यक्ष बनाया जा सकता है, जबकि उत्तर में मुस्लिम या दलित या फिर वैश्य को कमान दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस फरवरी के अंतिम सप्ताह तक जिलाध्यक्ष घोषित कर सकती है।

सपा भी संगठन के कीलकांटे दुरुस्त करने में जुटी है। पार्टी का जोर पीडीए समीकरण पर है।  भाजपा और कांग्रेस की तर्ज पर सपा भी कानपुर में उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बना सकती है। यह प्रस्ताव दिग्गज सपाइयों ने पार्टी अध्यक्ष के समक्ष रखा है।

यह भी पढ़ें- Etawah में पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार: एक के पैर में लगी गोली, आरोपियों ने महिला का पर्स लूटा था, ये सामान बरामद...

 

संबंधित समाचार