UP: धर्मपुर उत्तरी के जंगल में तेंदुआ दिखने से किसानों में फैली दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मसवासी, अमृत विचार। धर्मपुर उत्तरी के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने से किसानों में दहशत है। किसानों ने वन विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। किसान खेतों पर जाने से डर रहे हैं। बच्चों को घरों से बाहर नहीं आने दे रहे हैं।

गुरुवार शाम धर्मपुर उत्तरी निवासी निंदर सिंह मुख्य मार्ग से अपने गांव वापस लौट रहा था। अचानक उसकी निगाह जसविंदर सिंह के खेत की ओर गई तो तेंदुआ चहल कदमी कर रहा था। तेंदुए को देखकर उसके होश उड़ गए। उसने इस मामले की सूचना आसपास के किसानों को दी। जिससे किसानों में भी हड़कंप मच गया। देर शाम इस मामले में वन विभाग को सूचना दी गई लेकिन शुक्रवार की दोपहर बाद तक भी कोई कर्मचारी तेंदुए की लोकेशन जानने के लिए नहीं पहुंचा है।

जबकि आसपास के खेतों में तेंदुए के पदचिन्ह पाए गए हैं। किसानों में खौफ व्याप्त हो गया है। किसानों का कहना है कि कुंदनपुर, करीमपुर, पट्टीकला के जंगल में तेंदू लगातार चहल-कदमी कर रहे हैं,लेकिन वन विभाग के अधिकारी पिंजरा लगाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। जिससे किसानों में भय बना हुआ है। बच्चों और महिलाओं का खेतों पर जाना बंद कर दिया है। उधर बंद दरोगा कुलवीर सिंह ने बताया की किसानों ने तेंदुआ चहल-कदमी करने की सूचना दी है। शीघ्र जांच की जाएगी।

आए दिन क्षेत्र में दिखाई देता तेंदुआ
मसवासी और स्वार में आए दिन तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत बन जाती है।किसानों द्वारा वन विभाग को बताए जाने के  बाद भी विभाग इसको लेकर सक्रिय नहीं होता है। कई रोज पहले भी तेंदुए ने कई जानवरों को निशाना बना  लिया था। किसान कई दिन तक खेतों पर नहीं गए थे। अब फिर से तेंदुआ दिखाई देने पर लोग परेशान है। वन विभाग को इस बारे में जानकारी दी है।

संबंधित समाचार