विवाद के बाद पति की चाकू मारकर हत्या, पत्नी गिरफ्तार, साक्ष्य मिटाने का प्रयास
इंदिरानगर बी-ब्लॉक में शुक्रवार देर रात हुई घटना
लखनऊ, अमृत विचार। इंदिरानगर बी-ब्लॉक निवासी शावेज (42) की पत्नी रजिया ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात की है। पति-पत्नी में किसी बात पर विवाद हुआ। इसी दौरान रजिया ने चाकू से शावेज के सीने में वार कर दिया। पत्नी ने मौके से साक्ष्य भी मिटा दिये थे। उधर, ससुराल के लोग डॉक्टरों और पुलिस को गुमराह करते रहे है। ताकि हत्या को हादसा साबित किया जा सके। पुलिस ने देर रात को पिता मो. रफीक की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से चाकू, खून सनी रुई और सब्जियां बरामद की है।
इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय के मुताबिक शावेज, पत्नी और बेटे के साथ दूसरी मंजिल पर रहते थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद अचानक से कमरे से रजिया की चीखने और रोने की आवाज आने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते परिवारीजन दूसरी मंजिल पर मौजूद कमरे में पहुंचे तो देखा कि शावेज बेसुध हालत में खून से लथपथ फर्श पर पड़े हुए थे। उनके सीने पर बाईं तरफ गहरा घाव था। आनन-फानन में परिवारीजन उन्हें शेखर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें लोहिया अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान शावेज की मौत हो गई।
साक्ष्य मिटाने का आरोप
इंस्पेक्टर विकास राय के मुताबिक देर रात को परिजन ने वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक परिजन ने साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। पुलिस ने देखा कि कमरे में रजिया ने घटनास्थल पर पड़े खून को पोछा लगाकर साफ कर दिया था। इतना ही नहीं पुलिस को कमरे के पास की वॉशबेसिन में खून से सना हुआ चाकू भी मिला इसके अलावा पुलिस ने मौके से खून से सने कपड़े, बेडशीट,रुई और गोभी का पत्ता बरामद किया।
हत्या को हादसा बनाने की कोशिश
आरोपी रजिया ने ससुराल के लोगों, डॉक्टरों और पुलिस को लगातार गुमराह किया। उसने झूठी कहानी सुनाई। बताया कि विवाद के दौरान शावेज बॉक्स के कोने पर गिर गया। जिससे उसके सीने में गहरा घाव लग गया। रजिया से सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने सच बयां कर दिया। इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय के मुताबिक आरोपित ने शावेज के सीने पर चाकू से वार करके हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपित रजिया को गिरफ्तार कर लिया।
शाम छह बजे घूमने भी गये थे साथ
परिजन के मुताबिक कुछ महीनों से शावेज और रजिया में अक्सर विवाद होता था। कुछ देर बाद ही सबकुछ सामान्य हो जाता था। शुक्रवार रात 6 बजे दोनों लोग साथ में घूमने भी गए थे। दोनों के बीच सब कुछ सामान्य लग रहा था। पर, बाहर से आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था। परिजनों ने समझा कि हमेशा की तरह कुछ देर में सब कुछ सामान्य हो जाएगा। पर, इस बार पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े ने बड़ा रूप धारण कर लिया और यह वारदात हो गई।
मायके वाले पोस्टमॉर्टम न कराने की कह रहे थे बात
घटना की सूचना मिलने पर रजिया के मायके वाले भी लोहिया अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टरों ने शावेज के सीने पर मौजूद चोट को धारदार हथियार से लगना बताकर जांच की बात कही। वहीं रजिया और उसके मायके वाले पुलिस को सूचना देने और पोस्टमॉर्टम कराने से रोक रहे थे। शावेज के पिता ने मो. रफीक ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा कर मामले की जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- UP BEd JEE 2025 में प्रवेश परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जानिए कहां करें अप्लाई
