कासगंज : ट्यूबवेल की लाइन पर कार्य कर रहे ग्रामीण की करंट से मौत
मृतक की पत्नी ने जेई व लाइन मेने के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
कासगंज, अमृत विचार। ट्यूबवेल की लाइन को ठीक करते समय लाइन में करंट आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजन में कोहराम है। मृतक विद्युत कर्मी की पत्नी ने नमैनी फीडर के अवर अभियंता एवं लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोरोंजी क्षेत्र के ग्राम केंडी निवासी सुरेंद्र (28) की पत्नी पूनम देवी का कहना है कि शुक्रवार की सुबह लगभग 9:30 बजे उनके पति को लाइनमैन श्यामवीर बुलाकर ग्राम ताखरू ले गया। बताया गया कि ट्यूबवेल खराब हो गया है। जहां लाइन बदलने के लिए सुरेंद्र अन्य विद्युत कर्मियों के साथ लाइन डालने के लिए तारों को खींच रहा था। इसी दौरान विद्युत निगम की लापरवाही के कारण तारों में किसी तरह से करंट दौड़ गया, जिससे उसके पति सुरेंद्र की मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और नमैनी बिजली घर पर विरोध जताया। घटना में लाइनमैन श्यामवीर व बलवीर भी घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक सुरेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक सुरेंद्र की पत्नी पूनम ने अवर अभियंता अनिल भास्कर और लाइनमैन के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें - कासगंज : क्षेत्र के विकास के लिए विधानसभा में उठाई आवाज, गिनाई क्षेत्र की प्रमुख मांगे
