मुरादाबाद : भाजपा पार्षद ने सेवानिवृत्त फौजी के बेटे को मारी गोली, जांघ में फंसी...10 दिन पूर्व दोनों के बीच फोन पर हुआ था विवाद
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मामूली से विवाद में सेवानिवृत्त फौजी के बेटे को भाजपा पार्षद ने पिस्टल से गोली मार दी। गोली बायीं जांघ में फंसी हुई है। इस दौरान आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी पार्षद अपने साथियों संग भाग गया। पीड़ित का आरोप है कि 10 दिन पहले फोन पर पार्षद से उसकी कहासुनी हुई थी। सोमवार दोपहर वह आशियाना फेज-दो स्थित बुआ के घर के पास फुफेरे भाई से बात कर रहा था। इसी दौरान आरोपी पार्षद ने तय योजना के अनुसार साथियों के साथ घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के हिमगिरि कालोनी निवासी सुभाष गुर्जर फौज से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनका बेटा मयंक गुर्जर फौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है। मयंक का कहना है कि 10 दिन पहले मोरा मिलक से भाजपा पार्षद अजय तोमर ने फोन किया था। फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप लगाया कि पार्षद ने मयंक के साथ गाली गलौज की थी। गाली गलौज की युवक ने रिकार्डिंग कर ली थी। इस बात की जानकारी जब पार्षद को हुई तो उसने रिकार्डिंग डिलीट करने के लिए धमकाना शुरू कर दिया। युवक ने चेतावनी दी थी कि अगर मुझे दोबारा फोन किया तो रिकार्डिंग को प्रसारित कर दूंगा। तभी से दोनों के बीच तनातनी चली आ रही थी।
सोमवार को दोपहर मयंक आशियाना के फेज-दो निवासी अपनी बुआ के घर गया था। फुफेरे भाई राहुल के साथ घर के दरवाजे पर खड़ा था। आरोप है कि इसी बीच पार्षद अजय तोमर भटावली निवासी हर्ष के साथ पहुंचा और मयंक के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। पहले युवक के सीने में पंच से प्रहार किया। हर्ष ने पिस्टल की बट से सिर पर हमला किया। इससे युवक बुरी तरह घायल हो गया। बाद में पार्षद ने पिस्टल से गोली मार दी। गोली बायीं जांघ में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी भाग गए।
पुलिस ने आसपास में आरोपियों की तलाश की और घायल को जिला अस्पताल भेजा। डाक्टरों ने जांघ का एक्सरे किया तो गोली फंसी हुई दिखाई दी। घायल के पिता सोमवार को किसी काम से बिजनौर गए थे। जानकारी पर वह भी पहुंच गए। पुलिस घटना स्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद से आरोपित मोबाइल बंद करके घर से भागा हुआ है। पुलिस ने युवक के शिकायती पत्र पर पार्षद अजय तोमर निवासी मोरा की मिलक और भटावली निवासी हर्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : हाईवे पर बाइक टकराने के बाद दो पक्षों में मारपीट, जमकर चले लाठी-डंडे...VIDEO वायरल
