पहली बोर्ड बैठक में सभी 29 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 163 करोड़ का बजट जारी
हल्द्वानी, अमृत विचार: शहर में नए मेयर के शपथ ग्रहण के बाद बुधवार को नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक हुई। जिसमें सभी 29 प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव देते हुए सभी प्रस्तावों पर सहमति दी। इस दौरान हल्की-फुल्की नोंक-झोंक के अलावा पूरी बैठक शांतिपूर्ण संपन्न हुई। पार्षदों ने शहर के प्रमुख मुद्दे सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़कें, सीवर, नालियों की सफाई व मरम्मत सहित अन्य प्रमुख मुद्दों पर अपनी बात रखी। जिस पर मेयर ने पीठ से ही मांगें पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कार्यकारिणी का गठन करने की मांग भी उठी। नगर निगम ने 163 करोड़ का बजट का जारी किया। 1 अप्रैल तक निगम का अनुमानित अवशेष 28.74 करोड़ और 2025-26 का अनुमानित व्यय 141 करोड़ है। जबकि कुल आय करीब 169 करोड़ है।
नगर निगम दुकानों को चिन्हित कर उन्हें दोमंजिला बनाएगा। जिनको व्यापारियों को आवंटित किया जाएगा। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पार्षदों ने कहा कि दुकानों के आवंटन के लिए टेंडर जारी करने के बाद ही दुकानें दी जाएं। वार्ड 16 शहरी क्षेत्र में शॉपिंग कॉम्प्लैक्स बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। शहर में वेंडिंग जोन बनाने के लिए 10 स्थानों को चिन्हित किया गया है। शहर में उचित जगह चिन्हित कर घंटाघर बनाए जाने का प्रस्ताव बनाया गया है। बजट मिलते ही इस पर काम शुरू किया जाएगा। रानीबाग में निगम की खाली पड़ी 1 बीघा जमीन पर सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए शहर में गौजाजाली, कठघरिया में पुराने भवनों की मरम्मत कर लाइब्रेरी बनाई जाएगी। एसटीएच के पास 1 से 1.5 बीघा जमीन उपलब्ध होने पर स्वास्थ्य रैन बसेरा बनाया जाएगा। जिन संकरी गलियों में कूड़ा वाहन नहीं जा पाते हैं, वहां रिक्शे से कूड़ा उठान किया जाएगा। निगम की दुकानों के नाम का बोर्ड ऐपण थीम पर लगाया जाएगा।
नगर निगम खरीदेगा 55 नए कूड़ा वाहन
शहर की आबादी के अनुसार नगर निगम को वर्तमान में 120 कूड़ा वाहनों की आवश्यकता है। लेकिन इस समय निगम के पास 65 कूड़ा गाड़ियों से कूड़ा कलेक्शन किया जा रहा है। अपनी जरुरतों को देखते हुए नगर निगम 55 नई गाड़ियां खरीदने जा रहा है। इसका प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा गया। बाजार क्षेत्र में स्थित डीके पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ ही कुल सात पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
तिकोनिया में बनेगा ई-चार्जिंग स्टेशन व वॉटर एटीएम
तिकोनिया चौराहे के पास नगर निगम की खाली जमीन पड़ी है, जिसमें ई-चार्जिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसके बनने के बाद इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वाले लोगों को शहर का पहला ई-चार्जिंग स्टेशन मिलेगा। वहीं, निगम यहां वॉटर एटीएम लगाने की तैयारी भी कर रहा है। वॉटर एटीएम लगने के बाद लोग दो और पांच रुपये की दर पर पानी खरीद सकते हैं।
विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने उठाई मांगें
बोर्ड बैठक के दौरान गांधीनगर वार्ड 27 के पार्षद रोहित और वार्ड 37 की पार्षद विद्या देवी ने शहर की नजूल भूमि निवासियों को मालिकाना हक दिये जाने और दमुवाढूंगा जवाहर ज्योति अनुसूचित बाहुल्य वार्ड 35, 36, 37 के निवासियों को मालिकाना हक दिये जाने की मांग की। राजेन्द्र नगर वार्ड 12 की पार्षद प्रीति आर्या ने न राजेंद्र नगर में सीवर लाईन के निर्माण के साथ ही ठेले फड़ वालों का उत्पीड़न रोकने, राजेन्द्र नगर में लघु उद्योग की स्थापना करने और सड़कों व नालियों का निर्माण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा संस्थान का शुल्क घटाया जाए व विधवाओं की बेटी की शादी में निशुल्क दिया जाए।
वार्ड 23 और 26 के पार्षदों ने उनके वार्ड में सफाई कर्मचारियों की कमी, नालियों की सफाई करने की मांग की। वार्ड 58 के पार्षद मनोज जोशी ने कहा कि सभी स्कूलों में समानता लाने के लिए एनसीईआरटी लागू की गई है, लेकिन इसके बावजूद स्कूल अन्य किताबें मंगवा रहा हैं। उन्होंने बोर्ड के माध्यम से मुख्य शिक्षाधिकारी को पत्र भेजने को निवेदन किया।
ऑनलाइन जमा कर सकते हैं टैक्स
नगर निगम ने टैक्स कलेक्शन के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से आईपीजी सुविधा ली है। इसकी सहायता से शहर का प्रत्येक व्यक्ति ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकता है। बोर्ड बैठक के बाद मेयर गजराज बिष्ट और नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने आईपीजी सुविधा का विमोचन किया। इस सुविधा के माध्यम से जहां लोग आसानी से टैक्स जमा कर पाएंगे वहीं, नगर निगम को भी टैक्स कलेक्शन में भी आसानी होगी। बैंक ऑफ बड़ौदा के आरबीडीएम आदित्य गुप्ता ने इसके बारे में जानकारी दी। इस मौके पर वित्त नियंत्रक सूर्य प्रताप सिंह सहित बैंक ऑफ बड़ौदा व नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
