कानपुर में 62 वर्षीय ने 45 वर्षीय महिला से की शादी: दूसरे दिन नकदी-जेवर लेकर दुल्हन फरार...इस तरह से रचाया था विवाह
कानपुर, अमृत विचार। शादी के दूसरे दिन ही दुल्हन नकदी व जेवर समेत करीब पांच लाख का माल लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने चकेरी थाने में शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूलरूप से सीतापुर निवासी 62 वर्षीय हरीश कुमार शुक्ला सीओडी से सेवानिवृत्त हैं। हरीश के अनुसार उनके परिवार में कोई नहीं है। नौकरी के समय से ही वह सनिगवां में किराए पर रहते थे।
इसी बीच उनकी मुलाकात दूसरे मकान में किराए पर रहने वाली 45 वर्षीय महिला से हुई। महिला ने उनके एकाकी जीवन को देखकर शादी कर देखभाल करने का झांसा दिया। बीती 11 फरवरी 2025 को उन्होंने महिला से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद महिला के साथ सनिगवां में ही किराए का मकान लेकर रहने लगे।
आरोप है कि दूसरे दिन ही महिला देर रात तीन लाख रुपये और दो लाख कीमत के जेवर लेकर फरार हो गई। उन्होंने महिला की तलाश लगातार डेढ़ माह तक की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। जब कुछ पता नहीं चला तो चकेरी थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
