EPFO का बड़ा तोहफा, PF को लेकर किया ये ऐलान, जानिए क्या है नया इंट्रेस्ट रेट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः देशभर के करोड़ों कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) सदस्यों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) पर ब्याज दर की घोषणा कर दी है। सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष के लिए कर्मचारी भविष्य निधि पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दी गई है। इससे EPFO अपने 7 करोड़ से अधिक अंशधारकों के खातों में वार्षिक ब्याज जमा कर सकेगा। EPF संगठन ने 28 फरवरी को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को अपरिवर्तित रखने का निर्णय लिया था।

पिछले ब्याज दर के बराबर

पिछले वित्त वर्ष की तरह ही इस बार भी ब्याज दर समान रखी गई है। स्वीकृत ब्याज दर को वित्त मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा गया था। श्रम मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, “वित्त मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है और गुरुवार को इसकी सूचना EPFO को दे दी गई है।” अब इस स्वीकृत ब्याज दर के आधार पर, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के 7 करोड़ से अधिक अंशधारकों के खातों में ब्याज जमा किया जाएगा। यह निर्णय 28 फरवरी को नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड की 237वीं बैठक में लिया गया था।

पिछले साल ब्याज दर में बढ़ोतरी हुई थी 

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने फरवरी 2024 में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ब्याज दर में थोड़ी सी वृद्धि करते हुए इसे 8.25 प्रतिशत निर्धारित किया था, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 8.15 प्रतिशत थी। मार्च 2022 में वित्त वर्ष 2021-22 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि पर ब्याज दर को घटाकर चार दशकों से अधिक के न्यूनतम स्तर 8.1 प्रतिशत कर दिया गया था। यह वित्त वर्ष 2020-21 में 8.5 प्रतिशत थी।

यह भी पढ़ेः आखिर शुभमन गिल क्यों बने कप्तान? शमी या अय्यर क्यों नहीं? अजीत अगरकर ने बताई 5 बड़ी बातें

संबंधित समाचार