भोपाल जाएंगे PM मोदी, देवी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस सप्ताह के अंत में 31 मई को प्रस्तावित भोपाल यात्रा के मद्देनजर मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। पीएम मोदी यहां जंबूरी मैदान पर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करेंगे। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य में राज्य सरकार की ओर से आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में पूरे राज्य से लगभग दो लाख महिलाओं को लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी को ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रही हैं। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हाल ही में कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान का अवलोकन कर चुके हैं और उन्होंने तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की भोपाल यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। उनकी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों में विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) के साथ समन्वय कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के दर्जनों अधिकारियों के साथ ही राज्य पुलिस सेवा के सैकड़ों अधिकारियों और हजारों जवानों को शहर में विभिन्न स्थानों पर तैनात करने का निर्णय लिया गया है।

गुप्तचर शाखाएं और अधिक सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं। यहां राजकीय विमानतल (स्टेट हैंगर) और आयोजनस्थल जंबूरी मैदान को सुरक्षा की दृष्टि से “अभेद किले” में परिवर्तित किया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि श्री मोदी विशेष विमान से यहां हवाईअड्डा पहुंचने के बाद जंबूरी मैदान जाएंगे।

पीएम मोदी सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से स्टेट हैंगर से जंबूरी मैदान रवाना होंगे, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से वैकल्पिक मार्ग के रूप में स्टेट हैंगर से जंबूरी मैदान तक सड़क मार्ग भी तैयार रखा जाएगा। जंबूरी मैदान में लाखों लोगों की मौजूदगी के साथ ही अनेक विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन और हजारों वाहनों की पार्किंग आदि की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके लिए अलग अलग रूट निर्धारित किए जा रहे हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए अलग अलग श्रेणियों के हिसाब से व्यवस्था की जा रही है। 

सूत्रों ने कहा कि शहर के संवेदनशील और घने आबादी वाले क्षेत्रों में गुप्तचर तंत्र के जरिए निगरानी रखी जा रही है। होटल और लॉज आदि पर निगरानी की व्यवस्थाएं की गयी हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगाह रखी जा रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद श्री मोदी पहली बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं। महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में भारी भीड़ और गर्मी के मौसम के बीच बारिश की आशंका के मद्देनजर भी आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 

स्थानीय जंबूरी मैदान क्षेत्र में कम से कम तीन हेलीपेड बनाए गए हैं। आसपास अतिविशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही के लिए विशेष वाहन भी तैयार रहेंगे। इसके अलावा मैदान के एक छोर पर भव्य और बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। सभास्थल पर विशाल पांडाल लगाए जा रहे हैं। जगह जगह बड़ी बड़ी टीवी स्क्रीन लगायी जा रही हैं, जिससे मंच से दूर बैठे लोगों को भी मंच का दृश्य स्पष्ट दिखायी दे सके। इन पूरी तैयारियों पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं नजर बनाए हुए हैं। 

यह भी पढ़ेः भारत से डर रहे चीन और पाकिस्तान... परमाणु हथियारों का बढ़ा रहे जखीरा, अमेरिकी रिपोर्ट में हुआ खुलासा

संबंधित समाचार