प्रयागराज : सीजेआई ने हाईकोर्ट में नवनिर्मित एडवोकेट चैंबर्स और मल्टीलेवल पार्किंग का किया उद्घाटन
प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में 680 करोड़ से बनी हाईटेक मल्टीलेवल पार्किंग और अधिवक्ता चैंबर का उद्घाटन भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 मई शनिवार को किया। उद्घाटन समारोह में 12वीं मंजिल पर बने हॉल में भव्य और ऐतिहासिक ढंग से आयोजित हुआ। यह भवन हाईकोर्ट के पीछे लेकिन हाईकोर्ट परिसर में ही स्थित है। इस अवसर पर उनके साथ कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सुप्रीम कोर्ट के सीनियर जज न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति केके माहेश्वरी, न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना, न्यायमूर्ति पंकज मित्तल, न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा, न्यायमूर्ति राजेश बिंदल भी मौजूद रहे।
सीजेआई ने कहा कि न्याय के क्षेत्र में इलाहाबाद का नाम बड़े ही सम्मान से लिया जाता है। मोतीलाल नेहरू जवाहरलाल नेहरू जैसे अधिवक्ता हुए तो वहीं महादेवी वर्मा, हरिवंश राय बच्चन, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, सुभद्रा कुमारी चौहान जैसे साहित्यकार भी हुए, साथ ही नवनिर्मित भवन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्तियों का ही नहीं वकीलों का भी ध्यान रखा है। मुख्यमंत्री ने वादकारियों के लिए जो नए भवन के निर्माण की स्वीकृति दी है यह काबिले तारीफ है। इसके साथ ही उन्होंने बेहतर न्याय व्यवस्था के लिए बार और बेंच का अच्छा तालमेल होने पर भी जोर दिया। मुख्य न्यायाधीश ने प्रयागराज आने के अवसर पर खुद को गौरवान्वित महसूस किया, साथ ही ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सरकार को बधाई भी दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर सबको बधाई देते हुए बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग से लोगों को लाभ मिलेगा। मल्टीलेवल पार्किंग के साथ अधिवक्ताओं के लिए वातानुकूलित चैंबर और कैफेटेरिया की सुविधा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कई जनपदों में जिला न्यायालय नहीं है। अतः सात जनपदों में न्यायालय के लिए 1700 करोड़ रुपया स्वीकृत किया गया है। इंटीग्रेटेड कोर्ट काम्प्लेक्स में सभी सुविधाएं मिलेंगी। चैंबर्स बिल्डिंग में भारतीय स्टेट बैंक की एक शाखा का भी उद्घाटन किया गया।
यह भी पढ़ें : Miss World Winner 2025: मिस वर्ल्ड बनीं थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंग्सरी
