दिवंगत पुलिस कर्मियों के आश्रितों को पुलिस महानिदेशक ने दी 14.15 करोड़ की आर्थिक सहायता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस अपने कर्तव्य-पथ पर सर्वोपरि बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है। इसी भावना के अनुरूप शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों में अलग-अलग तिथियों पर दिवंगत हुए पुलिस कर्मियों के आश्रित परिजनों को बैंक ऑफ बड़ौदा-पुलिस सैलरी पैकेज (सीएसपी) के अंतर्गत स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान लगभग 14 करोड़ 15 लाख रुपए वितरित की गई। 

उत्तर प्रदेश पुलिस और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच हुए एमओयू के अनुसार आकस्मिक दुर्घटनाओं में ड्यूटी के दौरान अथवा अन्य परिस्थितियों में दिवंगत हुए पुलिस कर्मियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यह सहायता न केवल आर्थिक संबल है, बल्कि पुलिस परिवार की सेवा और बलिदान के प्रति संस्था की कृतज्ञता का प्रतीक भी है। 

कार्यक्रम के दौरान जिन पुलिसकर्मियों के परिजनों को सहायता राशि प्रदान की गई उनमें निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप (प्रयागराज) - ड्यूटी के दौरान डंपर वाहन की टक्कर से 12 जुलाई 2025 को मृत्यु हो गई थी। इनके आश्रितों को 2,12,50,000 रुपये की राशि दी गई। उपनिरीक्षक सुरेश प्रसाद गोंड (महराजगंज) की ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर चोट के कारण मृत्यु एक अप्रैल 2025 को मौत हो गई थी। उनके परिजनों को 1,70,00,000 रुपये की धनराशि प्रदान की गई। 

इसी तरह उपनिरीक्षक मंजीत सिंह (अमेठी) की दबिश से लौटते समय बस की टक्कर होने पर 20 जून 2025 को मौत हो गई थी। इनके परिजनों को 1,70,00,000 रुपये की धनराशि दी गई। उपनिरीक्षक मोहित कुमार (शाहजहांपुर) की ट्रक की जोरदार टक्कर से एक फरवरी 2025 को मृत्यु होने पर उनके परिजनों को 1,70,00,000 रुपये की धनराशि प्रदान की गई। मुख्य आरक्षी सुरेंद्र सिंह (12वीं पीएसी, फतेहपुर) की अज्ञात वाहन की टक्कर के चलते 5 अप्रैल 2025 को मौत हो गई थी। 

इनके परिजनों को 1,85,00,000 की धनराशि प्रदान की गई। मुख्य आरक्षी अनुज कुमार (गाजियाबाद) की ड्यूटी के दौरान ट्रक की टक्कर के चलते 11 अगस्त 2025 को मौत हो गई थी। इनके परिजनों को 1,70,00,000 की धनराशि दी गई। आरक्षी बीर बहादुर (चंदौली) की ड्यूटी पर वाराणसी जाते समय 6 अगस्त 2025 को दुर्घटना के चलते मौत हो गई थी। इनके परिजनों को 1,70,00,000 की धनराशि दी गई। 

आरक्षी राज गुप्ता (सिद्धार्थनगर) की गंभीर चोटों के उपचार के दौरान 29 मई 2025 को मृत्यु हो गई थी। इनके परिजनों को 1,80,00,000 का चेक सौंपा गया। पुलिस महानिदेशक ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक कर्मी का समर्पण अमूल्य है। ''जो साथी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए हमें छोड़ गए, उनके परिवारों को सहायता देना हमारा दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।'' 

उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग भविष्य में भी परिवारजनों के कल्याण और सुरक्षा हेतु हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन प्रशांत कुमार, पुलिस महानिरीक्षक भवन एवं कल्याण आर.के. भारद्वाज, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक शलभ माथुर, तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक कमलेश राठौर और शाखा प्रबंधक शशिकांत सिंह उपस्थित रहे।  

संबंधित समाचार