मोदी सरकार के 11 साल : प्रदेश में बूथ स्तर तक होगा संवाद, CM योगी ने किया केंद्र की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से मंगलवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनजागरण की रणनीति समझाई और बूथ स्तर तक संवाद करने का मंत्र दिया। कहा कि आजादी के अमृत वर्ष में देश को मोदी जैसा नेतृत्व मिलना हम सबका सौभाग्य है।

‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ थीम पर हुई इस कार्यशाला की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुई। सीएम योगी ने 9 जून से 21 जून तक कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संवाद का मंत्र देते हुए कहा कि मोदी सरकार की 11 साल उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाना हम सब की जिम्मेदारी है। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग और संगठन को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की। योगी ने कहा कि अमृत काल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। इन उपलब्धियों को प्रदेश, जनपद, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

योगी ने प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की रूपरेखा का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों को हर बूथ तक पहुंचाया था। अब केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को अखिल भारतीय स्तर पर प्रचारित करने का समय है, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां शामिल होंगी। योगी ने केंद्र सरकार की योजनाओं से यूपी में आए व्यापक बदलावों और विकास की विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, दोनों उपमुख्मंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, बसंत त्यागी, भूषण सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल समेत भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित न रहें, पेशेवर समूहों को भी जोड़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित न रहें, बल्कि आम जन, पेशेवर समूहों, और लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ें। उन्होंने हाल के विधानसभा उपचुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि संगठन, मोर्चा, और प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठकें प्रभावी रही हैं। भाजपा के छह मोर्चे और 22-23 प्रकोष्ठ समाज के हर वर्ग जैसे अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक, छात्र, और लाभार्थी को समाहित करते हैं। इन समूहों के साथ गोष्ठियां आयोजित कर, उनके बीच से वक्ताओं को चुनकर योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया जा सकता है।

सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जन्म देने से बदली यूपी की छवि-योगी

मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जन्म का श्रेय भी मोदी सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार और महाकुंभ जैसे आयोजन उत्तर प्रदेश की छवि को बदल रहे हैं। मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अयोध्या को गौरव प्रदान किया। सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मरण, और विश्व योग दिवस जैसे कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। योगी ने कार्यकर्ताओं से 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और नदी पुनर्जन्म कार्यक्रम में भागीदारी का आह्वान किया।

दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य व ब्रजेश पाठक ने अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार द्वारा शुरू की गरीब कल्याण की योजनाओं और प्रगति के बारे में बताना जरूरी है।

ये भी पढ़े : UP Defense Corridor : लखनऊ में बनेगी देश की पहली स्वदेशी फैब-लाइन, 25 एकड़ क्षेत्र में होगा निर्माण

संबंधित समाचार