सीआरएस पोर्टल में आई दिक्कत.. नहीं बन सके जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, लोग परेशान
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी के चिकित्सालयों एवं नगर निगम में गुरुवार को जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन सके। परिवारीजन सुबह से देर शाम तक प्रमाण पत्र पाने के लिए बेहाल रहे। जन्म मृत्यु पंजीकरण का सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (सीआरएस) पोर्टल के सर्वर में खराबी होने से यह समस्या पैदा हुई है। पूरा दिन विभागों के कर्मचारी ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया करने के लिए जद्दोजहद करते रहे। देर शाम को सर्वर सही होने पर पोर्टल चल सका। इस दिक्कत से 500 से अधिक जन्म व मृत्यु प्रमाण का पंजीकरण नहीं हो सका।
राजधानी के जच्चा-बच्चा केंद्रों, महिला अस्पतालों और पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया, बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु, बीआरडी महानगर, राम सागर मिश्र समेत अन्य अस्पतालों से जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते हैं। साथ ही नगर निगम के विभिन्न जोन से भी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते हैं। हर जगह मिलाकर रोजाना 500 से अधिक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं। वीरागंना अवंतीबाई महिला अस्पताल (डफरिन) में पहुंची शबनम ने बताया कि वह अपने बच्चे का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सुबह 11 बजे आई थीं।
तकरीबन एक घंटे तक वह रुकी रहीं, लेकिन पोर्टल न चलने से जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सका। कर्मचारियों ने भी खिड़की पर चस्पा कर दिया कि पोर्टल न चलने से जन्म प्रमाण पत्र आज नहीं बन पाएंगे। डफरिन की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने बताया कि पोर्टल में गड़बड़ी की वजह से प्रमाण पत्र नहीं जारी किए जा सके हैं। बलरामपुर के एमएस डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि अस्पताल से मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन सके हैं। कर्मचारियों से जानकारी पर पता चला कि सीआरएस पोर्टल में तकनीकी खामी की वजह से प्रमाण पत्र आज नहीं जारी हो सके।
ये भी पढ़े :
सीएमओ ऑफिस का जेम पोर्टल बंद, खरीद से जुड़े बिल पोर्टल पर अपलोड होने से बंद हुआ पोर्टल
सोर्स :कार्यालय संवाददाता
