बदायूं: रात में झमाझम बारिश...सुबह शहर की सड़कों पर जलभराव
बदायूं, अमृत विचार। जिले में झमाझम बारिश हुई। भोर से शुरू हुई बारिश सुबह सात बजे तक जारी रही। हालांकि बारिश के बाद मौसम साफ हो गया और धूप खिल उठी। उत्पन्न हुई उमस भरी गर्मी से लोग पसीना पसीना हो गए। वहीं बारिश की वजह से शहर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आने जाने में परेशानी हुई। कृषि विभाग ने 18 जून को प्री मानसून की दस्तक देने का अनुमान लगाया था, लेकिन उससे पूर्व ही बारिश हो गई।
पिछले कई दिनों से गर्म हवाएं और गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था। रविवार से आसमान में बादल छाने लगे थे। साथ ही कहीं कहीं बूंदाबांदी भी हुई। साथ ही ठंडी हवाएं भी चलने लगी थी, लेकिन लोगों को गर्मी से छुटकारा नहीं मिल रहा था। सोमवार की भोर करीब चार बजे आसमान में काले बादल छाए गए। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। करीब साढ़े सात बजे तक गरज और चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। नौ बजे के बाद आसमान साफ हो गया और धूप खिल उठी।
उसके बाद उमस भरी गर्मी से लोग पसीना पसीना हो गए। मौसम विभाग के जारी किए गए अलर्ट के अनुसार कृषि विभाग ने 18 और 19 जून से जिले में प्री मानसून दस्तक दिए जाने की संभावना को जताया था। लेकिन उससे पूर्व ही बारिश हो गई। इससे तापमान में भी कमी आई है। दोपहर के समय अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कृषि विभाग के अधिकारी मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त कर रहे हैं।
इन स्थानों पर हुआ जलभराव
बारिश होने के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। पनबड़िया, सुभाष चौक, नई सराय, मथुरिया चौराहा, आवास विकास कॉलोनी, लोची, दिनेश चौक आदि स्थानों पर बारिश से जलभराव हो गया। जलभराव होने से लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार की सुबह झमाझम बारिश के चलते रोडवेज बस स्टैंड परिसर में जलभराव हो गया। रोड कीचड़ से भर गया। जलभराव होने से यात्रियों को बसों में चढ़ने उतरने को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
