UP: एक भी घुसपैठिये का वोट न बन सके : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान अनुपस्थित मतदाताओं के आंकड़ों पर जताई चिंता
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सर्किट हाउस में बरेली मंडल में किए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। मतदाता सूचियों के सत्यापन के दौरान अनुपस्थित मतदाताओं के आंकड़ों पर चिंता जताते हुए सख्त लहजे में कहा कि ये आप सभी कि जिम्मेदारी है कि एक भी घुसपैठिये का वोट न बने। भारत का व्यक्ति ही भारत की सरकार चुने। जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जो वोटर अनुपस्थित हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो पा रही है, उनके सत्यापन के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को लगाएं और वह भी खुद फील्ड में निकलें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार प्रत्येक विधानसभा में आठ से 10 प्रतिशत मतदाता अनुपस्थित हैं, ऐसे में भाजपा के लोगों के ज्यादा से ज्यादा वोट बनवाएं। यह हो सकता है कि विपक्षी दल आपका वोट डेथ या अनुपस्थित में डलवा दें, जब हम बूथ जीतते हैं तभी हम जीतते हैं। इसकी बूथ वार मॉनीटरिंग करें। योगी ने समीक्षा में यह भी कहा कि कहीं ऐसा न हो जाए कि एसआईआर में लाभ की जगह हमें नुकसान हो। हमें मौका है कि बोगस वोटों के नाम मतदाता सूचियों से कटवाएं। ऐसा न हो कि विपक्ष अपने लोगों के वोट ज्यादा बनवा ले और हमारे ओरिजनल लोगों के वोट कट जाएं। इससे आने वाले चुनावों में हमारी चुनौती बढ़ जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो सरकार के विरोधी लोग हैं, वे लोगों के वोट बनवाने का काम मदरसों और मस्जिदों से करवा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मंडल की एक-एक विधानसभा में एसआईआर के कार्य की समीक्षा की। बरेली जनपद में कैंट और शहर विधानसभा में अनुपस्थित मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक है। मुख्यमंत्री ने भाजपा के अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों को लगकर वोटरों को खोजने और उनके फार्म जमा करवाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान सीएम के साथ वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जिला प्रभारी जेपीएस राठौर, कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, वनमंत्री डॉ अरुण कुमार, गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार, भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, बृज क्षेत्र प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह उपस्थित रहे।
प्रशासन और संगठन की रिपोर्ट देख शुरू की समीक्षा
मुख्यमंत्री अपने साथ प्रशासन की एसआईआर की रिपोर्ट लेकर आए थे। संगठन की ओर से ब्रज के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी। मुख्यमंत्री ने दोनों रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद समीक्षा शुरू की। मुख्यमंत्री ने बरेली शहर विधानसभा से समीक्षा की शुरूआत की। इसके बाद कैंट, फिर भाजपा के संगठनात्मक जिले बरेली, उसके बाद आंवला के अधीन आने वाली सभी विधानसभाओं की समीक्षा की। इसके बाद बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपद की विधानसभाओं की समीक्षा की।
दो घंटे देरी से आए, 25 मिनट की समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जारी हुए सरकारी कार्यक्रम में निर्धारित समय के अनुसार दो घंटे की देरी से शाम 5.30 बजे सर्किट हाउस पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के 3.25 बजे पहुंचने और 4.25 बजे तक सर्किट हाउस में समीक्षा करने का कार्यक्रम निर्धारित था। योगी ने सर्किट हाउस सभागार में 8 मंत्रियाें, जिलों के विधायकों और भाजपा नेताओं सहित 110 नेताओं के साथ करीब 25 मिनट तक समीक्षा की।
