बदायूं: युवक की हत्या के बाद शव कमरे में दफ्न करने की थी तैयारी...ऐसे खुली कातिल की पोल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ओरछी, अमृत विचार। शराब का अवैध कारोबार करने वाले व्यक्ति ने युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। कमरे में गड्ढा खोदकर दफन करने की तैयारी में था। युवक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कमरा खुलवाया तो युवक का शव बरामद हुआ। उनके गले में रस्सी बंधी थी। सूचना पर थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह और सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह पहुंचे।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। लोगों को किसी भी समय देशी शराब उपलब्ध हो जाती है। अब आरोपी ने रुपयों के लेनदेन में हत्या कर दी। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी धर्मेंद्र उर्फ बुद्धि सिंह (25) पुत्र ओमप्रकाश मौर्य शुक्रवार देर रात अपने घर से लापता हो गए थे। परिजनों को लगा कि वह खेत पर गए होंगे। शनिवार की सुबह तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी। कुछ ही देर में उनके लापता होने की चर्चा पूरे गांव में फैली। लोगों ने परिजनों को बताया कि धर्मेंद्र को गांव निवासी व अवैध रूप से शराब बेचने वाले राजपाल पुत्र हीरालाल के घर की ओर जाते देखा था। परिजन राजपाल के घर गए और धर्मेंद्र के बारे में पूछा। राजपाल ने मना किया कि धर्मेंद्र उनके पास नहीं आए। चाहो तो घर के भीतर देख लो। जिसके बाद परिजन वापस लौट गए। किसी ग्रामीण ने परिजनों से कहा कि राजपाल के घर का कमरा खुलवाकर देखो। परिजन दोबारा राजपाल के घर गए और कमरा खुलवाने को बोला तो वह हड़बड़ा गया। 

उसने कमरा खोलने से मना कर दिया। जिसके चलते काफी देर तक हंगामा होता रहा। मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। कमरे का दरवाजा खोला तो भीतर धर्मेंद्र का शव उल्टा पड़ा था। उनके गले में रस्सी बंधी हुई थी। पास में डंडा पड़ा था। कमरे में एक गड्ढा खुदा था। परिजनों में चीत्कार मच गया। दोनों के परिवारों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मृतक के पिता ओमप्रकाश मौर्य ने फैजगंज बेहटा पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष और सीओ मौके पर पहुंचे। आरोपी राजपाल को मौके से पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उससे पूछताछ की जा रही है। 

हत्या में किसी और के होने का भी अंदेशा
मृतक की भाभी अंजू ने बताया कि धर्मेंद्र कई साल से जिला संभल के कस्बा चंदौसी में अपनी पत्नी ममता और दो बेटियां कनक व वंशिका के साथ रहते थे। ममता गर्भवती हैं। धर्मेंद्र का चंदौसी से गांव आना-जाना लगा रहता था। शुक्रवार शाम वह कुछ देर में वापस आने की बात कहकर घर से गए थे। सुबह पता चला कि शराब का अवैध कारोबार करने वाले राजपाल ने हत्या कर दी है। कहा कि 60 साल का राजपाल 25 साल के धर्मेंद्र की हत्या कैसे कर सकता है। अंदेशा लगाया कि हत्याकांड में राजपाल के साथ अन्य लोग भी हो सकते हैं।

संबंधित समाचार