बदायूं: मौसम की बेरुखी से उमस भरी गर्मी कर रही परेशान
बदायूं, अमृत विचार। मौसम अपना पल पल रंग बदल रहा है। कभी बारिश, कभी धूप वाला मौसम बना हुआ है। लेकिन बारिश नहीं हो रही मौसम की इस बेरुखी के कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान होने लगे हैं। रविवार को दिन भर बादलों वाला मौसम रहा। बारिश न होने पर आर्द्रता अधिक बढ़ गई। जिसकी वजह से उमस अधिक बढ़ गई। हालांकि दोपहर में रिमझिम बारिश हुई। लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। कृषि विभाग ने सोमवार भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना को व्यक्त किया है।
बारिश के मौसम में तापमान सामान्य बना हुआ है। अधिकतम तापमान 35 और 36 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। न्यूनतम तापमान भी 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इतने तापमान में भी सुबह 9 बजे के बाद इतनी ज्यादा तीखी धूप हो रही है कि कुछ देर ही सड़क पर रहने से गला सूखने लग रहा है। हालांकि कुछ देर में आकाश में बादल भी छा रहे है। इससे ऐसा लगता है कि तेज बारिश होगी। लेकिन बारिश भी नहीं हो रही है। रविवार को भी इसी तरह का माहौल रहा।
दिनभर में कई बर मौसम का माहौल बदलते रहा। कभी तेज धूप हुई तो कभी आकाश में बादल छा गए। बादल छाने के बाद भी उमस भरी तेज गर्मी से राहत नहीं मिली। धूप खिलने की वजह से उमस अधिक हो रही है। उमस बढ़ने से लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। ऐसी गर्मी में एसी और कूलर ने भी काम करना बंद कर दिया है। लोग व्याकुल हो उठे हैं। उमस अधिक होने से रविवार को सड़कों पर लोगों की चहलकदमी कम रही। शाम ढलने पर चलने वाली हवा से लोगों को कुछ राहत मिली। कृषि विभाग के अधिकारियों की मानें तो कुछ दिन ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
