UP: जमीन के विवाद में युवक की हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव
रामपुर, अमृत विचार। काम के बहाने घर से बुलाकर दो लोगों ने युवक की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनो के हवाले कर दिया गया।
नगर के बिलासपुर रोड स्थित सत्संग भवन के समीप शनिवार देर रात की घटना है। क्षेत्र के ग्राम सिहारी निवासी प्रभा ने कोतवाली में तहरीर देकर लिखा कि गांव निवासी जितेंद्र और अशोक उसके पति 30 वर्षीय सत्यवीर से रंजिश रखते थे। आरोप है कि देर रात को दोनों आरोपी उसके घर आये। गेहूं और धान निकालने वाली कंबाइन पर काम करने के लिए साथ चलने के लिए दबाव बना रहे थे। जिस पर सत्यवीर ने जाने से मना कर दिया।
जिसके बाद दोनों लोग उसके पति को देर शाम बहला फुसला कर ले गए और सत्यवीर की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया। जब परिजनों को जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंच कर देखा तो सत्यवीर सड़क किनारे खाई में पड़ा था। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों ही पक्ष कोतवाली आए थे। पुलिस को किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।
मृतक ने 2019 में की थी कोर्ट मैरिज
सत्यवीर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने वर्ष 2019 में पास की रहने वाली प्रभा से प्रेम प्रसंग के चलते कोर्ट मैरिज की थी। मृतक ने अपने पीछे एक माह की लड़की और एक तीन साल के बेटे को छोड़ा है। पत्नी का कहना है कि अब इनकी देखभाल कौन करेगा। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।
युवक ने जान से मारने की दी थी धमकी
सत्यवीर के परिजनों का कहना है कि युवक आरोपी के पैसे नहीं दे पा रहा था। जिसके चलते कुछ दिन पहले आरोपी ने युवक को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद शनिवार को घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस अभी तक आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है।
