लखीमपुर खीरी : गाली भी खाई, माफी भी मांगी… फिर भी भाजपा कार्यकर्ता पर दर्ज हुई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मां की गाली देने पर आरोपी से महिला सिपाही का हुआ था विवाद

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: सदर कोतवाली में अजीबोगरीब हाल देखने को मिला। बाइक स्कूटी से छूने को लेकर विवाद में स्कूटी सवार महिला सिपाही  से कहासुनी के मामले में भाजपा कार्यकर्ता पर रिपोर्ट तो दर्ज हो गई। लेकिन उससे पहले पूरे घटनाक्रम ने सबको हैरान कर दिया। भाजपा कार्यकर्ता का आरोप था कि महिला सिपाही शिवांगी मिश्रा ने उसे मां की गाली दी थी। दोनों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी ने कोतवाली में माफी भी मांग ली, फिर भी सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि बिना हेलमेट होने पर महिला सिपाही का चालान काटा गया है।

दरअसल मामला छह सितंबर का है। महिला थाना की सिपाही शिवांगी मिश्रा पीईटी परीक्षा की ड्यूटी  के लिए पाल इंटरनेशनल स्कूल जा रही थी। तभी एलआरपी चौराहे से आगे एक बाइक पर सवार भाजपा कार्यकर्ता दीपक मिश्र की बाइक महिला सिपाही की स्कूटी से छूते-छूते बची थी। भाजपा कार्यकर्ता का आरोप है कि इससे नाराज महिला सिपाही ने आवाज लगाकर उन्हें मां की गाली दी, जबकि बिना हेलमेट कान में इयरफोन लगाकर जा रही थी। इसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो विभाग में भी हड़कंप मच गया। लोग चुटकियां लेते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता ने सदर कोतवाली में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। सोचा कि मामला यहीं रुक जाएगा, लेकिन हकीकत उलटी निकली। पुलिस ने आखिरकार उसके खिलाफ खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। अब शहर में चर्चा यही है कि गाली भी खाई, माफी भी मांगी… और अब मुकदमा भी भुगतो! आखिर इस प्रकरण में न्याय किसे मिला और सजा किसे? पूरे दिन शहर में यही चर्चा होती रही।  

महिला सिपाही का यह है आरोप 
महिला सिपाही शिवांगी मिश्रा का कहना है कि युवक ने उसकी स्कूटी को तेज रफ्तार से ओवरटेक कर कट मारा, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिरने से बची। जब उसने शोर मचाकर युवक को रोका तो वह अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए झगड़ा करने लगा। उन्होंने साहस दिखाते हुए युवक का वीडियो बना लिया। इस पर युवक और उग्र हो गया तथा धमकाने लगा और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी और मौके से भाग निकला। जाते-जाते उसने अपना नाम दीपक मिश्रा  खीरी बताया। आरोप है कि बाद में आरोपी ने बनाया गया अधूरा और भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जिससे उसे मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी है। 

महिला सिपाही की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। - हेमंत राय शहर कोतवाल।

संबंधित समाचार