Bareilly : सरकारी टयूबवेल से बिजली चोरी, कर डाली पूरी कॉलोनी रोशन 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज क्षेत्र में नई बसाई जा रही कॉलोनी में सरकारी ट्यूबवेल से बिजली चोरी करके घरों को रोशन किया जा रहा था। विजिलेंस टीम ने बुधवार सुबह छापा मारकर 6 घरों में 26 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी। टीम ने चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है। नई कॉलोनी में बिजली लाइन नहीं होने के बाद लोगों ने सरकारी टयूबवेल से अवैध केबल डालकर बिजली चोरी शुरू कर दी।

मीरगंज के अलौकिक वाटिका, पिपरा बाईपास नगरिया सादात के पास नई कॉलोनी का निर्माण कराया गया है। इसमें अभी करीब एक दर्जन घर बने हुए हैं। विजिलेंस टीम ने बुधवार की सुबह वहां पर चेकिंग की। इस दौरान अधिकांश मकानों पर बिना मीटर के बिजली जलते हुए मिली। टीम को बिजली चोरी का संदेह हुआ तो जांच करने पर पता चला कि सरकारी टयूबवेल पर लगे ट्रांसफार्मर से अवैध लाइन बनाकर कृष्णपाल के मकान पर 6 किलोवाट की बिजली चोरी हो रही थी। अमित कुमार के मकान पर 5 किलोवाट, वासुदेव के मकान पर पांच, राजवीर सिंह के मकान पर 5 किलोवाट, प्रेमशंकर के मकान पर 3 किलोवाट, राम भरोसे के मकान पर दो किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। अभियान के दौरान प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, अवर अभियंता सुजीत कुमार, कांस्टेबल उत्तरा कुमारी, अमित, विपिन कुमार, अर्जुन सिंह मौजूद रहे।

क्षेत्रीय कर्मचारियों की भूमिका पर उठ रहे सवाल
पूछताछ में सामने आया है कि नई कॉलोनी का निर्माण होने के बाद लोगों ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया। बिजली विभाग के अधिकारियों ने नई कॉलोनी में बिजली लाइन, पोल और ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए स्टीमेट बनाने को कहा। इसके बाद लोगों ने क्षेत्रीय कर्मचारियों की मिलीभगत से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित सरकारी टयूबवेल के ट्रांसफार्मर पर केबल डालने के बाद उसमें जगह-जगह पर कट लगाकर बिना मीटर के ही बिजली जलाना शुरू कर दी। अधिकारी अब कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने की बात कह रहे हैं। सीओ विजिलेंस मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि मीरगंज में विजिलेंस टीम ने 6 घरों में 26 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी है। चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर रिपोर्ट बिजली अधिकारियों को भेजी गई है।

संबंधित समाचार