लखीमपुर खीरी : ईंट भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, सात साल के बालक की मौत
धौरहरा, अमृत विचार। ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की टक्कर में एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव लालजीपुरवा निवासी देशराज (35) अपने भतीजे लकी (07) पुत्र राजेश कुमार महरिया थाना खमरिया को बाइक से लेकर रामदीन पुरवा अपनी ससुराल जा रहा था। रविवार दोपहर 01 बजे सामने से तेज रफ्तार आ रही एक ईंट भरी ट्रैक्टर ट्राली ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बालक लकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी धौरहरा भेजा, जहां से डॉक्टर ने उसे हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने बताया बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। ट्राली ट्रैक्टर कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
